सिग्नेचर ब्रिज बवाल: केजरीवाल और मनोज तिवारी समेत कई नामजद, होगी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि केस क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। जिनके खिलाफ सबूत मिलेंगे, उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन कार्यक्रम में हुए बवाल के बाद मिली तीन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कई नेताओं को नामजद किया है। इनमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाजपा सांसद मनोज तिवारी, आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान और संजीव झा समेत कई अज्ञात कार्यकर्ता शामिल हैं। ये शिकायतें भाजपा और आम अदमी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं की ओर से की गई थीं। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि तीनों केसों को विस्तृत जांच के लिए क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। जिनके खिलाफ क्राइम ब्रांच को सबूत मिलेंगे, उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पांच धाराओं में दर्ज किया गया केस
उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की ओर से दी गई शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने पांच धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व 'आप' के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान को नामजद करते हुए अज्ञात कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है। जिन पांच धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, उनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, आपराधिक साजिश रचने, गलत तरीके से रास्ता रोकने व धमकी देना शामिल है।
दोनों तरफ से दर्ज कराई गईं शिकायतें
वहीं, भाजपा के मुखर्जी नगर में रहने वाले कार्यकर्ता बीएन झा की तरफ से दी गई शिकायत में न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने विधायक अमानतुल्लाह खान व बुराड़ी से 'आप' के विधायक संजीव झा समेत अज्ञात कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। उधर, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता तौकीर की शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी व भाजपा के अज्ञात कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। मनोज तिवारी के खिलाफ मारपीट, रोकने व धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।