हरियाणा में सत्ता पाने के लिए जमीन तैयार कर रही AAP, जानें- ग्रामीणों ने केजरीवाल से क्या कहा
कुरुक्षेत्र से आए सरपंचों, पूर्व प्रधानों और ग्रामीणों के इस समूह में थडोली के सरपंच सुमित ने कहा, चौटाला, हुड्डा के बाद अब मनोहर लाल को भी देख लिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। 'मनोहर लाल के यहां सुनवाई नहीं होती इसलिए हम आपके पास आ गए।' यह कहना है हरियाणा के पेहोवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों का, जो बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मिलने आए थे। कुरुक्षेत्र से आए सरपंचों, पूर्व प्रधानों और ग्रामीणों के इस समूह में थडोली के सरपंच सुमित ने कहा, चौटाला, हुड्डा के बाद अब मनोहर लाल को भी देख लिया। गांव- देहात की सुनने वाला कोई नहीं है। पूरे हरियाणा में स्कूलों-अस्पतालों की हालत बहुत खराब है। दिल्ली में केजरीवाल ने स्कूलों-अस्पतालों में बहुत काम किया है। हम सब चाहते हैं कि हरियाणा में भी अगली सरकार आम आदमी पार्टी (AAP) की ही बने।
वहीं, आजरावर के सरपंच सुरजीत सैनी का कहना था, हरियाणा में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उनके घर केजरीवाल पहुंच जाते हैं। अपने पास से मदद कर देते हैं। लेकिन हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास वक्त नहीं है। बस कुछ महीने की बात है। हरियाणा के लोग मनोहर लाल सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
ग्रामीणों से मुलाकात में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनवाना आप सबकी जिम्मेदारी है। फिर वहां दिल्ली से भी ज्यादा काम करने की जिम्मेदारी हमारी है। आप लोग घर-घर जाकर लोगों को जोड़ें।
भाजपा नेता पुनीत मल ने पहनी आम आदमी पार्टी की टोपी भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पुनीत मल ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पुनीत मल ने बुधवार को अपने साथियों के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।
वहीं, पुनीत ने कहा, मैं अरविंद केजरीवाल से बहुत प्रभावित हूं। मेरी पत्नी मीनू, झासा गाव की सरपंच हैं। हमने अपने गाव के स्कूल का कायाकल्प किया है। हम चाहते हैं कि पूरे हरियाणा में सभी सरकारी स्कूल शानदार हो जाएं। सभी सरकारी अस्पतालों में अच्छी चिकित्सा सुविधाएं मिलें। किसानों की फसल बर्बाद हो जाने पर उनको समय पर मुआवजा दिया जाए।