सुबह-शाम PM मोदी के दिमाग में यही चलता है आज इसे या उसे जेल भेजो, राहुल की सदस्यता जाने पर भड़के केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि एलजी साहब जब अपना अभिभाषण पढ़ रहे थे तो उनका भी सीना चौड़ा हो रहा था।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि एलजी साहब जब अपना अभिभाषण पढ़ रहे थे तो उनका भी सीना चौड़ा हो रहा था। हम उन्हें और मौके देंगे सीना चौड़ा करने के, बशर्ते आप हमारे काम में टांग न अड़ाएं। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्या रद होने पर सीएम केजरीवाल भी भाजपा सरकार पर भड़क गए।
बजट सत्र में उपराज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर दिल्ली विधानसभा में संबोधन। LIVE https://t.co/2U4TSIEQnU
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 24, 2023
अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी मामले पर बोलते हुए कहा कि पूरे देश में डर का माहौल बना रखा है। अब राहुल गांधी की सदस्यता खत्म कर दी। भारत में सबसे कम पढ़ा लिखा और सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री कोई हुआ है तो वह यही हैं। सुबह से शाम तक उनके दिमाग में यही चलता रहता है कि आज इसे या उसे जेल भेजो। आज नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश को तबाह करने की साजिश रची जा रही है।
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, लोक सभा से राहुल गांधी जी का निष्कासन चौंकाने वाला है। देश बहुत कठिन दौर से गुज़र रहा है। पूरे देश को इन्होंने डरा कर रखा हुआ है। 130 करोड़ लोगों को इनकी अहंकारी सत्ता के खिलाफ एकत्र होना होगा।
धन्यवाद प्रस्ताव पर और क्या बोले सीएम केजरीवाल
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर आगे कहा कि कहा कि अब हम शिक्षा की ही बात करें तो सारा काम हमारे शिक्षकों और प्रिंसिपलों ने किया। 1100-1200 प्रिंसिपल विदेश भी जा चुके, बहुत कुछ सीखकर आए। दिसंबर और मार्च में भी प्रिंसिपलों को विदेश जाना था, लेकिन एलजी साहब की अड़चन से जा नहीं पाए।
एलजी साहब ने एक दिन दिल्ली संवाद आयोग के उपाध्यक्ष जस्मिन शाह का दफ्तर सील करा दिया। एक दिन सारी योगा कक्षाएं बंद करवा दीं। इन सबसे किसका फायदा हुआ, भाजपा की ही बुराई हो रही है।
अब एलजी बिजली सब्सिडी बंद कराने में लगे हुए हैं। मेयर चुनाव में भी उन्होंने ऐसी ही अड़चनें डालीं। दिल्ली का बजट रोक लिया। अहंकार के चलते ऐसा किया बस। क्या फायदा हुआ? एलजी साहब ने एक अच्छा काम किया हो तो बता दो। गुजरात से आए हैं, उन्हें दिल्ली की कोई जानकारी नहीं। अधिकारी उन्हें कुछ भी पढ़ा देते हैं, लेकिन वह उनकी भी नहीं सुनते।
मिलजुल कर काम करने की दी सलाह
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मिल जुलकर काम कीजिए। अभी हमें बहुत काम करना है। काम की कमी नहीं। मिलकर करते हैं न, लड़ने वाली बात ही नहीं। अपराध व डीडीए में हमारे साथ मिलकर काम कीजिए। जिस दिन एलजी और सीएम ने मिलकर काम करना शुरू कर दिया तो दिल्ली की स्थिति ही बदल जाएगी।
'सभी विधायक अपने घर बोल दें, एक दिन उन्हें भी जेल जाना है'
सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद सुनने में आया है कि अब AAP के एक-एक विधायक को डराया या धमकाया जा रहा है। मनीष सिसोदिया भगत सिंह के चेले हैं, जेल जाने से नहीं डरते। जिसे डर लगता हो पार्टी छोड़ दें। सभी विधायक अपने-अपने घर बोल दें कि कभी भी उन्हें जेल भेज देंगे। जो भी जेल जाएगा, उसके घर का खर्चा हम चलाएंगे। अच्छा वकील भी हम दिलाएंगे। छह-सात माह में छूट जाएंगे। एक दिन भगत सिंह की तरह आपको भी लोग याद करेंगे।