विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अगर पति मोदी-मोदी कहे तो उनसे कहना कि शाम को... सीएम केजरीवाल ने महिलाओं से की ये अपील

By V K Shukla Edited By: Geetarjun
Published: Sat, 09 Mar 2024 10:00 PM (IST)

सीएम अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि महिलाएं मेरे हाथ मजबूत करने के लिए इस बार अपने घर वालों ...और पढ़ें

सिविक सेंटर के सभागार में महिला शक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बोलते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। (फोटो- ध्रुव कुमार)
सिविक सेंटर के सभागार में महिला शक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बोलते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। (फोटो- ध्रुव कुमार)

HighLights

  1. उन्होंने कहा कि अपने सिर की कसम देना कि इस बार वोट केजरीवाल को वोट देना है।
  2. केजरीवाल ने महिलाओं से कहा- पति मोदी मोदी कहे तो कहना शाम का खाना नहीं मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि महिलाएं मेरे हाथ मजबूत करने के लिए इस बार अपने घर वालों को कसम दें कि वो मेरा साथ दें। सीएम ने महिलाओं को जिम्मेदारी देते हुए कहा कि आपको अपने घर के सभी पुरुषों से भी वोट डलवाना है। उन्होंने कहा कि कई आदमी मोदी-मोदी कर रहे हैं, अगर आपका पति कहे मोदी तो बोलना शाम का खाना नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने सिर की कसम दे देना। आदमी अपनी पत्नी की बात जरूर मानेंगे। सभी माताएं अपने बेटों से कसम खिलाएंगी कि इस बार केजरीवाल को वोट देना है।

मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के एलान के बाद शनिवार को महिला शक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने केजरीवाल का इसके लिए धन्यवाद किया। महिलाओं ने सीएम को आप दिल्ली का बेटे कहा। उन्होंने कहा कि आपने जो किया है वो कोई और नहीं कर सकता।

बिजली, पानी, शिक्षा, इलाज और बसों में सफर मुफ्त होने का हमें बहुत फायदा मिला है। कार्यक्रम का आयोजन आम आदमी पार्टी की ओर से सिविक सेंटर में किया गया था।

सशक्तिकरण के नाम पर फ्रॉड चल रहा

इस मौके पर सीएम ने कहा कि अभी तक महिला सशक्तिकरण के नाम पर फ्रॉड चल रहा था। सारी पार्टियां कहती हैं कि हम महिलाओं का सशक्तिकरण करेंगे और सशक्तिकरण के नाम पर अपनी पार्टी की किसी एक महिला को कुछ बना देते हैं और कहती हैं कि महिलाओं का सशक्तिकरण हो गया। मैं ये नहीं कह रहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी वाले मेरा विरोध कर रहे हैं और कह रहे हैं कि मैं महिलाओं को पैसे देकर खराब कर रहा हूं, इससे महिलाएं बिगड़ जाएंगी। सीएम ने तर्क दिया कि जब इन्होंने अपने दोस्तों के 11 लाख करोड़ माफ कर दिए, तब वो नहीं बिगड़े तो मेरी माताएं-बहनें हजार रुपये में कैसे बिगड़ जाएंगी? उन्होंने कहा कि जब सभी महिलाओं की जेब में पैसा होगा, तभी असल मायने में महिला सशक्तिकरण होगा। इससे न सिर्फ उनका परिवार सशक्त होगा, बल्कि समाज और देश भी सशक्त होगा।

सीएम ने कहा कि महिलाओं को बड़े-बड़े पद और टिकटें भी मिलनी चाहिए। लेकिन उससे केवल दो-चार महिलाओं का ही फायदा होता है। बाकी महिलाओं को कुछ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि मैं अब हर महिला के पर्स में हर महीने हजार रुपये डालूंगा। खाली जेब से महिला सशक्तिकरण नहीं होता है।

जेब में पैसा होगा तभी सशक्तिकरण होगा। मार्केट में जाओ और जेब में पैसा ही न हो तो फिर कैसा सशक्तिकरण। महिलाओं का असली सशक्तिकरण तब होगा, जब हर महिला को हर महीने एक-एक हजार रुपये मिलेंगे। यह पूरी दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम होगा। पूरी दुनिया में आजतक कभी ऐसा नहीं हुआ कि महिलाओं की 18 साल से ऊपर की पूरी आबादी को हजार-हजार रुपये महीना दिया जाए।