दिल्ली में केजरीवाल सरकार पानी की किल्लत दूर करने में असफलः विजय गोयल
विजय गोयल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में पानी की किल्लत पर खुली बहस की चुनौती दी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गोयल ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार पानी की किल्लत दूर करने में असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। विजय गोयल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में पानी की किल्लत पर खुली बहस की चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि अभी तो दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ का घेराव किया है। अगर दिल्ली में पानी की स्थिति नहीं सुधरी तो बहुत जल्दी जनता मुख्यमंत्री केजरीवाल का भी घेराव करेगी। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और आप विधायक दिनेश मोहनिया के आरोपों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि मंगलवार रात बोर्ड मुख्यालय में तोड़फोड़ नहीं की गई थी, बल्कि बोर्ड के अधिकारी शिकायतों पर कोई भी जवाब देने में विफल रहे।
पानी की किल्लत नहीं: मोहनिया
उधर, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया ने राजधानी में पानी की किल्लत के आरोपों को नकारते हुए बुधवार को कहा था कि दिल्ली में कहीं भी पानी के लिए हाहाकार नहीं है, जिन इलाकों में कभी पानी नहीं पहुंचा था, वहां भी अब पानी पहुंच रहा है। दिल्ली जल बोर्ड अपनी क्षमता से अधिक पानी की सप्लाई कर रहा है। इसे लेकर किया गया विरोध पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।
उन्होंने आरोप लगाया था कि मंगलवार को भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जबरदस्ती दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय घुस गए और तोड़फोड़ कर पूरी व्यवस्था ठप करने का प्रयास किया। उनसे समस्या पूछी गई तो किसी नेता या कार्यकर्ता ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। क्षेत्र विशेष की समस्या को लेकर भी किसी नेता या कार्यकर्ताओं के पास कोई जवाब नहीं था। अगर कहीं पानी की समस्या हैं, तो शिकायत दें। निश्चित तौर पर समस्या को दूर किया जाएगा।