यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर: IIT से नेहरू प्लेस आने वाले कैरिजवे की एक लेन का मरम्मत कार्य पूरा
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के आईआईटी से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले कैरिजवे की एक लेन का मरम्मत कार्य पूरा ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के आईआईटी से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले कैरिजवे की एक लेन का मरम्मत कार्य पूरा किया जा चुका है। फिलहाल इस कैरिजवे से मलबा इत्यादि हटाकर साफ-सफाई और बदले गए ज्वाइंट एक्सपेंशंस की तराई की जा रही है।
13 13 अप्रैल से सुचारू होगा यातायात
बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल से कैरिजवे के इस लेन को यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा। कैरिजवे के इस लेन का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद दूसरा लेन यातायात के लिए बंद कर दिया जाएगा और उसके मरम्मत कार्य को अप्रैल माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
एक अप्रैल से बंद किया था
गौरतलब है कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के आईआईटी से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले कैरिजवे के एक लेन के ज्वाइंट एक्सपेंशन बदलने व अन्य मरम्मत कार्यों के चलते इसे एक अप्रैल से बंद कर दिया गया था। वहीं, कैरिजवे के दूसरे लेन को यातायात के लिए चालू रखा गया था, जिससे कि यात्री फ्लाईओवर के नीचे की दो लेन के साथ ही फ्लाईओवर के ऊपर की एक लेन यानि कुल तीन लेन में यात्रा कर सकें।
दो चरणों में पूरा किए जाने वाले इस कैरिजवे के मरम्मत कार्य के तहत पहले चरण में 15 दिन तक आईआईटी की ओर से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले कैरिजवे के एक लेन का मरम्मत कार्य किया जाना तय किया गया था। लेकिन पीडब्ल्यूडी द्वारा काम के लिए चुनी गई एजेंसी ने तेजी से काम करते हुए करीब आठ दिनों में ही काम पूरा कर लिया है। जिसके बाद अब साफ-सफाई और बदले गए एक्सपेंशन ज्वाइंट्स की तराई का काम किया जा रहा है। तराई के बाद कैरिजवे के इस लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा और दूसरे लेन का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।