नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अगवा हुआ ऋतिक, पुलिस के हाथ खाली
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अगवा साढ़े तीन साल के मासूम ऋतिक को 15 दिन बाद भी पुलिस नहींं खोज पाई है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अगवा साढ़े तीन साल के मासूम ऋतिक को 15 दिन बाद भी पुलिस नहींं खोज पाई है। 15 सितंबर को ऋतिक जब अपने नेत्रहीन माता-पिता के साथ नाना-नानी को छोड़ने नई दिल्ली स्टेशन आया था, तभी एक महिला सहायता करने के बहाने ऋतिक के परिजनोंं से घुलमिल गई और मौका पाते ही वह उसे अगवा कर फरार हो गई।
महिला की तस्वीरें स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं थीं। नई दिल्ली रेलवे थाना पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया था। फुटेज के आधार पर भी पुलिस बच्चे को बरामद करना तो दूर महिला के बारे में भी सुराग नहीं लगा पाई है।
20 हजार में बिक गई 14 साल की किशोरी, अनहोनी से पहले पुलिस ने बचाया
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच से कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। 4 टीमों को तफ्तीश में लगाया गया है जो सूचना मिलने पर छापेमारी कर रही हैं। एक टीम पिछले कई दिनों तक यूपी के मथुरा में महिला को खोजने का प्रयास करती रही लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि मासूम को अगवा करने वाली महिला किसी बड़े गिरोह की सदस्य हो सकती है।
ऋतिक को अगवा किए 15 दिन बीत चुके हैं अबतक उसे बरामद न कर पाना पुलिस की बड़ी असफलता मानी जा रही है। एक हफ्ते पहले करीब 100 की संख्या में नेत्रहीनों ने आइटीओ स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय आकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था। घटना के बाद से परिवार में भय का माहौल है।
महिला का पति अमेरिका में, युवक मित्र भेज रहा अश्लील मैसेज-तस्वीरें
ऋतिक मूलरूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है। कुछ महीने पहले वह नाना-नानी घर दिल्ली आया था। 15 सितंबर को वह परिजनों के साथ महाराष्ट्र जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आया था। एक नंबर प्लेटफार्म पर जब परिजने ट्रेन के बारे में पता कर रहे थे तभी सफेद सूट पहने एक महिला ऋतिक के परिजनों के पास आकर उनकी सहायता करने लगी।
महिला ने कहा कि ट्रेन तीन नंबर प्लेटफार्म पर जाएगी। अगर वे लोग उस प्लेटफार्म पर चलना चाहेंगे तो वह उन्हेंं वहां छोड़ देगी। परिजनों के हामी भरने पर महिला ऋतिक के साथ तीन नंबर प्लेटफार्म के लिए चल पड़ी। वहां जैसे ही ऋतिक के परिजनों ने बैग से पानी की बोतल निकालने के लिए ऋतिक का हाथ छोड़ा महिला उसे गोद मे उठाकर किसी बहाने फुसलाते हुए वहां से चंपत हो गई।