न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती से डेढ़ करोड़ की ठगी
दिल्ली के एक वरिष्ठ नागरिक दंपती से एक निजी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित निजी बैंक के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के एक वरिष्ठ नागरिक दंपती से एक निजी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। दंपती का आरोप है कि रिलेशनशिप मैनेजर ने उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पति-पत्नी दोनों के खातों से डेढ़ करोड़ रुपये निकाल लिए। पुलिस ने निजी बैंक के आरोपित मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बैंक के अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ कर जांच की जा रही है कि कहीं इसमें कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं है।
पुलिस अब तक बुजुर्ग दंपती से ठगी गई रकम को बरामद नहीं कर सकी है। 85 वर्षीय बुजुर्ग दंपती दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते हैं। सेवानिवृत्त होने से पहले बुजुर्ग ने अपना कारोबार बेचकर पैसे जुटाए थे, जो बैंक में जमा कर दिए गए। दंपती की उम्र को ध्यान में रखकर बैंक उन्हें सर्विसेज की डोरस्टेप डिलीवरी देता था, जिससे बुजुर्ग दंपती को बार-बार बैंक न आना पड़े।
दंपती का आरोप है कि उनके फर्जी हस्ताक्षरों के जरिये जाली दस्तावेज तैयार किए गए, जिसके आधार पर कई फर्जी खाते खोले गए। उनके खातों से गलत तरीके से पैसे निकाले गए हैं। कई बार रुपये एटीएम से तो कई बार चेक के जरिये निकाले गए। बुजुर्ग दंपती के खातों से आरोपित मैनेजर और उसके परिवार के सदस्यों के इंश्योरेंस प्रीमियम भरने के नाम पर पैसे निकाले गए हैं।
बुजुर्ग दंपती ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 2011 में तीन बचत खाते खोले थे, तब से वह रिलेशनशिप मैनेजर के संपर्क में हैं। मैनेजर हर महीने उनके घर आकर बैंक स्टेटमेंट्स और खाते से लेन-देन के बारे में जानकारी देता था। इस साल मई में उनके पास एक इंश्योरेंस कंपनी से कॉल आई और बताया गया कि दंपती ने हाल में एक पॉलिसी खरीदी है।
दंपती ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस पॉलिसी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनकी पत्नी ने भी कभी किसी पॉलिसी में निवेश नहीं किया था। उन्होंने अपने रिलेशनशिप मैनेजर को फोन किया तो शुरुआत में वह बात को टालने लगा।
काफी पूछताछ के बाद मैनेजर ने बताया कि कई पॉलिसी में उसने दंपती के पैसों का निवेश किया है। उसने ब्याज के साथ पूरा पैसा बुजुर्ग की पत्नी के खाते में जमा करने की बात कही। इसके बाद बुजुर्ग बैंक पहुंचे और अपने खातों की जांच की तो पता लगा कि दोनों के खातों से उनकी बिना जानकारी के कई बार पैसे निकाले गए थे। दोनों के खातों से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का हिसाब गड़बड़ मिला। आरोप है कि मैनेजर ने अपनी तीन बेटियों को बुजुर्ग दंपती की पॉलिसी का नॉमिनी बनाया है।