देह व्यापार का धंधा चलाने की आरोपी खूबसूरत सोनू पर कसा कानून का शिकंजा, जानें पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक करीब 16 साल पहले इस धंधे में आई सोनू पंजाबन का अब तक दिल्ली में दबदबा है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने द्वारका जिला अदालत में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाने की आरोपित सोनू पंजाबन और उसके सहयोगी संदीप के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। इनके ऊपर आपराधिक षडयंत्र, पॉक्सो व दुष्कर्म की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस की ओर से कहा गया है कि सोनू ने एक 16 वर्षीय किशोरी को देह व्यापार के दलदल में धकेला है। पीड़ित किशोरी अब बालिग है। करीब 16 साल पूर्व देह व्यापार रैकेट के धंधे में आई सोनू पंजाबन गीता कॉलोनी की रहने वाली है, लेकिन वह दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब में फ्लैट खरीदकर कारोबार चला रही थी।
जानें पूरा मामला
देह व्यापार की संचालन करने वाली गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन को क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने दिसंबर, 2017 में गिरफ्तार किया था। इससे पहले भी वह छह बार गिरफ्तार हो चुकी थी। 13 साल की किशोरी को कई लोगों को बेचने व वेश्यावृत्ति कराने के 2014 के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। मुकदमा दर्ज कराने के बाद से पीड़िता लापता हो गई थी। इस वजह से मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
सोनू पंजाबन का दिल्ली में दबदबा
पीड़िता अब बालिग हो चुकी है। उसके साथ दुष्कर्म करने वाले करीब छह लोगों की पहचान कर ली गई है। क्राइम ब्रांच उन्हें भी गिरफ्तार करेगी। पुलिस के मुताबिक करीब 16 साल पहले इस धंधे में आई सोनू पंजाबन का अब तक दिल्ली में दबदबा है। वैसे तो वह गीता कॉलोनी की रहने वाली है, लेकिन बदनामी के कारण उसने गीता कॉलोनी में रहना छोड़ दिया था और दक्षिणी दिल्ली के सैदुलाजाब में आलीशान फ्लैट खरीदकर रहना शुरू कर दिया था।
13 वर्षीय किशोरी से करवाया गलत काम
आठ साल पूर्व उसके प्रतिद्वंद्वी बाबा भीमानंद व नगमा खान के पकड़े जाने से दिल्ली में उसका दबदबा बढ़ गया। दिल्ली-एनसीआर में उसके कई दलाल सक्रिय हैं जो जिस्मफरोशी के धंधे को चला रहे हैं। वर्ष 2009 में गीता कॉलोनी की ही रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी को सोनू सैक्स रैकेट के धंधे में ले आई थी। कुछ समय तक उससे वेश्यावृत्ति कराने के बाद उसे लखनऊ में बेच दिया था। वहां हवस का शिकार बनाने के बाद दलाल ने किशोरी को दिल्ली के तिलक नगर में अन्य दलाल को बेच दिया था। उसने भी कुछ दिन बाद किशोरी को रोहतक में बेच दिया।
पीड़िता ने दर्ज करवाया था केस
बालिग होने के बाद पीड़िता रोहतक से भागकर 2014 में दिल्ली आ गई थी। नजफगढ़ थाने पहुंचकर उसने सोनू समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति कराने, मानव तस्करी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज करवा दिया था, लेकिन मुकदमा दर्ज कराने के 10 दिन बाद वह लापता हो गई थी।