सुंदर नगरी में अतिक्रमण हटाने के लिए चला निगम का बुलडोजर, जारी रहेगा प्रशासन का अभियान
निगम की टीम ने मंगलवार सुंदर नगरी में कैप्टन जावेद अली मार्ग शनि बाजार व एच-ब्लाक में अतिक्रमण हटाने को अभियान चलाया। जैसे ही निगम का बुलडोजर वहां पहुंचा लोगों की भीड़ जुट गई। निगम की टीम के साथ नंद नगरी थाने की पुलिस के अलावा अतिरिक्त बल मौजूद रहा।
नई दिल्ली [आशीष गुप्ता]। सुंदर नगरी क्षेत्र में मंगलवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम का बुलडोजर चला। दुकानों के बाहर सड़क पर बनी सीढि़यां व अन्य पक्का निर्माण तोड़ा गया। कई जगह से खोखे व झुग्गियां भी हटाई गईं। पुलिस बल के सहयोग से निगम की कार्रवाई पूरी हो पाई। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में गुस्सा था, लेकिन पुलिस के रहते कोई आगे नहीं बढ़ा।
निगम की टीम ने मंगलवार दोपहर सुंदर नगरी में कैप्टन जावेद अली मार्ग, शनि बाजार व एच-ब्लाक में अतिक्रमण हटाने को अभियान चलाया। जैसे ही निगम का बुलडोजर वहां पहुंचा, लोगों की भीड़ जुट गई। निगम की टीम के साथ नंद नगरी थाने की पुलिस के अलावा अतिरिक्त बल मौजूद रहा। इस क्षेत्र में दुकानदारों ने दुकान के आगे बनी सीढ़ियां व चबूतरे निगम की टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिए।
निगम अधिकारियों का कहना है कि सीढ़ियों व चबूतरों की वजह से सड़क हिस्सा घिर गया था। इससे जाम लगता था। लोगों को परेशानी होती थी। निगम का दावा है कि 40 से ज्यादा दुकानों के आगे से इस तरह का पक्का निर्माण तोड़ा गया है। इसके अलावा सड़क किनारे कुछ लोगों ने खोखे डाले हुए थे, कई ने झुग्गियां बना रखी थीं। उन्हें भी हटाया गया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी।
आने वाले दिनों में कई जगह कार्रवाई प्रस्तावित है। जहां-जहां पुलिस बल मिलता जाएगा, वहां कार्रवाई तेजी की की जाएगी। इससे पहले गीता कोलानी, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, त्रिलोकपुरी में कार्रवाई हो चुकी है।
सड़कों व सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चलती रहेगी। अतिक्रमण करने वालों को किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। अतिक्रमणकर्ताओं की वजह से लोगों को परेशानी होती है। प्रयास किया जा रहा है कि लोगों की परेशानी हो खत्म किया जाए। पुलिस के सहयोग से अभियान में तेजी लाई जा रही है।
श्याम सुंदर अग्रवाल, महापौर, पूर्वी दिल्ली नगर निगम