बसईदारापुर हत्याकांड के आरोपितों की भाषा रोहिंग्या की तरह, दिल्ली में लागू हो NRC: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी मोती नगर के बसई दारापुर पहुंचे और पीड़ित के परिजनों से मुलाकात की।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर लागू करने की मांग की है। तिवारी ने कहा कि दिल्ली में अगर भयमुक्त जीवन जीना है तो जल्द से जल्द राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे पता चला है कि जिस तरह की भाषा रोहिंग्या बोलते हैं, उसी तरह की भाषा आरोपित बोल रहे थे। दिल्ली में अवैध तरीके से रह रहे इस तरह के लोगों को बाहर निकालने के लिए एनआरसी बहुत जरूरी है।
भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी मोती नगर के बसईदारापुर गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राजधानी में हुई इस घटना के लिए जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। गुंडाराज की जगह हमारे समाज में नहीं है। इस क्रूर घटना की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। दिल्ली भाजपा इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी है। जब तक आरोपितों को सजा नहीं मिलती तब तक दिल्ली प्रदेश भाजपा संघर्ष करती रहेगी।
मनोज तिवारी ने कहा कि परिवार को समुचित मुआवजा मिलना चाहिए और समाज के लोगों को ऐसी घटनाओं में मूकदर्शक बनकर नहीं रहना चाहिए। यह निर्मम हत्या कोई राजनीति का विषय नहीं है, बल्कि आरोपितों के खिलाफ एकजुट होकर परिवार को न्याय दिलाने का विषय है। राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार के दर्द को समझते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन उनकी चुप्पी का कारण समझ पाना मुश्किल नहीं है।
इस अवसर पर पश्चिमी दिल्ली जिला अध्यक्ष रमेश खन्ना, विधायक कपिल मिश्रा, निगम पार्षद कैलाश सांकला एवं युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री अभिमन्यु त्यागी उपस्थित थे। गौरतलब है कि गत दिनों छेड़छाड़ का विरोध करने पर बसईदारापुर में युवती के पिता की हत्या कर दी गई थी। तैनात है पुलिस : इलाके में धीरे-धीरे माहौल सामान्य हो रहा है। लोग अब अपने कामकाज में जुट गए हैं। हालांकि अभी भी पुलिस तैनात है। इलाके में अभी भी पुलिसकर्मी वीडियोग्राफी कर रहे हैं।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप