विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने दिनदहाड़े स्कूटी सवार का गला रेता

Published: Sun, 25 Aug 2024 11:34 AM (IST)

Delhi Crime दिल्ली के गोकलपुरी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े एक स्कूटी सवार की गला रेतकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

गोकलपुरी थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
गोकलपुरी थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा पर हुई वारदात
  2. सीमा विवाद में उलझी रही लोनी व गोकलपुरी थाना पुलिस
  3. बदमाशों की पहचान के लिए खंगाले जा रहे CCTV कैमरे

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गोकलपुरी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने गला रेतकर स्कूटी सवार की हत्या कर दी। मृतक की पहचान नीरज अरोड़ा के रूप में हुई है। वारदात दिल्ली व उत्तर प्रदेश की सीमा पर हुई। लोनी व गोकलपुरी थाना पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।

आखिर में गोकलपुरी थाना ने हत्या की धारा में प्राथमिकी की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। हत्या किसने की और क्या वजह रही पुलिस इसका पता लगा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

खून से लथपथ हालत में पड़ा था शख्स

जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जाय टिर्की ने बताया कि शनिवार शाम साढ़े चार बजे सूचना मिली कि गोकलपुरी गांव में एक शख्स खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक सड़क पर पड़ा था, पास ही उसकी स्कूटी भी थी।

युवक का गला धारदार हथियार से रेता गया था। मृतक की पहचान अशोक नगर निवासी नीरज के रूप में हुई। जांच में पता चला नीरज किसी काम से लोनी गया था और अकेले घर लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसे घेरकर गला रेतकर हत्या कर दी।

युवक पर चाकू से हमला

उधर, दक्षिणी दिल्ली को अंबेडकर नगर थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात को दो पक्षों में चाकूबाजी हो गई। इसमें एक युवक चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि थाना अंबेडकर नगर क्षेत्र में एक युवक को चाकू मारने की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पर पता चला कि 18 वर्षीय सुमित नाम के युवक पर चाकू से वार किया गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में दक्षिणपुरी निवासी सुमित से पूछताछ की।

उसने बताया कि हमला करने वाले नाबालिग हैं और वह उन्हें जानता है। सुमित ने बताया कि करीब 15 दिन पहले आरोपितों में एक का उसके दोस्त के साथ विवाद हो गया था।