पल भर में गम में बदली खुशियां, हर्ष फायरिंग में गोली लगने से किशोर की हालत नाजुक
रिठाला गांव में शनिवार की रात घुड़चढ़ी के दौरान की जा रही हर्ष फायरिंग में एक किशोर के सिर में गोली लग गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। रिठाला गांव में शनिवार की रात घुड़चढ़ी के दौरान की जा रही हर्ष फायरिंग में एक किशोर के सिर में गोली लग गई। किशोर को गंभीर अवस्था में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन यह नहीं पता चल सका कि गोली किसने चलाई।
पुलिस के मुताबिक 14 वर्षीय गर्व अपने परिवार के साथ रिठाला गांव में रहता है। पिता सुरेश ने बताया कि शनिवार को पड़ोसी बलके के बेटे बंटी की बरात जा रही थी। इसके लिए रात करीब आठ बजे दरवाजे पर घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। बैंड बाजे की धुन पर लोग डांस कर रहे थे। कार्यक्रम को देखने के लिए किशोर अपने घर की पहली मंजिल की रेलिंग पर खड़ा था। इसी बीच बरात में मौजूद किसी व्यक्ति ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसमें एक गोली रेलिंग पर खड़े किशोर के सिर में लग गई। इससे लहूलुहान होकर वह वहीं गिर गया। घटना से परिजनों के साथ ही बरात में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। मामले की सूचना पुलिस को देकर घायल को परिजनों ने रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां किशोर की हालत गंभीर होने पर मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक बच्चे के सिर में गोली फंसी हुई है। इसके लिए ऑपरेशन किया जा रहा है।
पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है । गौरतलब है कि वैवाहिक कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग नहीं किए जाने के कोर्ट के आदेश के बावजूद इस पर लगाम नहीं लग पा रही है। नतीजतन अक्सर ही इस तरह की घटनाएं राजधानी में सामने आती रहती हैं।