Boys Locker Room: बॉयज लोकर रूम अश्लील चैट का निकला नोएडा लिंक
Bois Locker Room Instagram Chat इंस्टाग्राम ब्वॉयज लॉकर रूम चैटिंग मामले में दिल्ली पुलिस साइबर क्राइम सेल ने अपनी जांच तेज कर दी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Bois Locker Room Instagram Chat: इंस्टाग्राम ब्वॉयज लॉकर रूम चैटिंग मामले में साइबर सेल की जांच में खुलासा हुआ है कि इंस्टाग्राम पर ब्वॉयज लॉकर रूम ग्रुप दिल्ली से सटे नोएडा के एक लड़के ने बनाया था। वह ग्रुप एडमिन है और बालिग भी है। इसी लड़के ने इंस्टाग्राम पर ग्रुप बनाने के बाद अन्य लड़कों को इस ग्रुप में जोड़ा और कई लड़कों को इसका ग्रुप एडमिन भी बना दिया।
ग्रुप में डालते थे साथ में पढ़ने वाली छात्राओं की फोटो
जांच में पता चला है कि ग्रुप में शामिल छात्र और पास आउट छात्र अन्य छात्राओं की तस्वीरें ग्रुप में डालते थे। यह भी पता चला है कि इस संबंध में ग्रुप के बालिग सदस्यों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह अब तक पुलिस के पास नहीं आए हैं। वहीं, तस्वीरों को लेकर पुलिस का कहना है कि लड़कियों की अश्लील फोटो इन लड़कों के पास कैसे आईं, यह सवाल भी पुलिस के लिए अहम बना हुआ है। बताया जा रहा है कि ग्रुप के एक लड़के ने ही ब्वॉयज लॉकर की बात उस लड़की को बताई जिसकी तस्वीरें ग्रुप में शेयर की गई थीं। इसी लड़के ने ही लड़की को ग्रुप के स्क्रीन शॉट भेजे थे। इसके बाद मामला जैसे ही आगे बढ़ा तो लड़कों ने पूरा ग्रुप ही डिलीट कर दिया, लेकिन इससे पहले संबंधित तस्वीर वाली लड़की ने ट्वीटर पर सारी बातें शेयर कर दी थीं।
इस मामले में एक दिन पहले लड़के को पकड़ने और उसका मोबाइल फोन बरामद करने के बाद बुधवार को 5 और छात्रों से पूछताछ कर रही है। ये सभी छात्र दिल्ली के नामी पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं और 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्र हैं। इससे पहले मंगलवार को इन पांचों छात्रों से उनके माता-पिता के सामने कम से कम 6 घंटे तक पूछताछ की गई। इसी के साथ इस ग्रुप से जुड़े सभी 21 लोगों को भी पुलिस पूछताछ के सिलसिले में नोटिस जारी कर चुकी है। संभव है अगले कुछ दिनों ने ये सभी जांच की कड़ी में पूछताछ में शामिल होंं।