पीएम मोदी के खिलाफ दुष्प्रचार रोकेगी युवा ब्रिगेड, तथ्यों के साथ जवाब देगी ये खास टीम
भाजपा अाने वाले लोकसभा चुनाव में नोटबंदी को उपलब्धि के तौर पर पेश करेगी। साथ ही दुष्प्रचार फैलाने वाले के बारे में प्रशासन व पार्टी के आलाकमान को भी जानकारी दी जाएगी।
नोएडा, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार रोकने के लिए भाजपा ने युवा ब्रिगेड तैयार की है। प्रदेश के बूथ स्तर पर फैली यह ब्रिगेड सोशल मीडिया पर नजर रखेगी। प्रधानमंत्री या केंद्र सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर विपक्षी पार्टी या किसी अन्य व्यक्ति की तरफ से दुष्प्रचार करने पर तथ्य के साथ यह टीम जवाब देगी। साथ ही दुष्प्रचार फैलाने वाले के बारे में प्रशासन व पार्टी के आलाकमान को भी जानकारी दी जाएगी।
सोशल मीडिया में दक्ष होगी टीम
प्रदेश में बूथ स्तर पर बनी पांच सदस्यीय आइटी विभाग व सोशल मीडिया की इस टीम को कार्य में दक्ष करने के लिए पार्टी की तरफ से शनिवार को नोएडा के सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 19 जिलों के 450 आइटी सेल के पदाधिकारी शामिल हुए। उन्हें सोशल मीडिया का बेहतर इस्तेमाल करने में दक्ष करने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय व प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल नोएडा आ रहे हैं। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी, आइटी विभाग के प्रदेश प्रमुख संजय राय, विधायक पंकज सिंह व अन्य मौजूद रहेंगे।
नोटबंदी को उपलब्धि के तौर पर पेश करेगी भाजपा
भाजपा अाने वाले लोकसभा चुनाव में नोटबंदी को उपलब्धि के तौर पर पेश करेगी। साथ ही डिजीटल इंडिया की तरफ भारत को ले जाने को भी भाजपा अपनी बड़ी उपलब्धि बताने की तैयारी कर रही है। इसी के तहत कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को डिजीटल लेन-देन को बढ़ावा दिलाने के लिए घर-घर जाने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें डिजीटल ट्रांजेक्शन में दक्ष बनाया जाएगा।
डिजीटल इंडिया को बढ़ावा
भाजपा आइटी विभाग के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी हर्ष चतुर्वेदी ने भी बताया कि डिजीटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए भाजपा कार्यकर्ता काम करेंगे। प्रधानमंत्री भी अब नमो एप से कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। ध्यान रहे कि नोटबंदी के दो वर्ष पूरे होने पर 8 नवंबर को विपक्षी पार्टियों ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया था। साथ ही नोटबंदी को लोगों को परेशान करने वाला कदम बताया था।