गुजरात में पूर्वांचलियों पर हमले के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
मनीष सिंह ने कहा कि कहा कि अल्पेश ठाकोर की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने पूर्वांचल पर हमला करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की।
नई दिल्ली, जेएनएन। गुजरात में गैर गुजरातियों पर हमले को लेकर दिल्ली में सियासत गर्माने लगी है। पहले कांग्रेस ने गुजरात भवन पर प्रदर्शन किया। वहीं, रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर हमले के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया। उन्होंने गुजरात में कांग्रेस के विधायक अल्पेश ठाकोर को गिरफ्तार करने की मांग की।
राहुल गांधी के कहने पर हुआ
दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष मनीष सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के नजदीक प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ठाकोर अपने समर्थकों को पूर्वाचलियों पर हमला करने के लिए उकसा रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह पूर्वाचलवासियों को मारपीट कर भगाने के लिए स्थानीय लोगों को उकसा रहे हैं। यह अत्यंत निंदनीय है। यह सब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कहने पर हुआ है, जिसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए, वह कम है।
अल्पेश ठाकोर की गिरफ्तारी की मांग
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को धर्म और जाति-समुदाय के नाम पर बांटने का काम किया है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूर्वांचल के लोगों पर कहीं भी अत्याचार होगा तो भाजपा पूर्वांचल मोर्चा हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि अल्पेश ठाकोर की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने पूर्वांचल पर हमला करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बाद में रिहा कर दिया।
प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश सह-प्रभारी प्रेमकांत चौधरी, शरत झा, जगदंबा सिंह, अमरेंद्र सिंह, राहुल रंजन, बीएन झा, अवनीश बंटी, राजेश कुमार, रंजीत वर्मा, राहुल त्रिवेदी, आलोक रंजन, अरविंद झा, संजय मिश्रा, प्रदीप पांडे, अमृताश सिंह, विमल सिंह सहित सभी जिला अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।