आयुष्मान योजना लागू नहीं करने पर केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन, भाजपा ने लगाया ये आरोप
दिल्ली में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं करने पर भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर रहे हैं। आयुष्मान मार्च निकालने के साथ ही जगह-जगह प्रदर्शन करके भाजपा कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी (आप) को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। बुधवार को भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के कार्यकर्ताओं आइटीओ स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय के नजदीक प्रदर्शन किया।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गौरव खारी ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल आयुष्मान योजना को लागू नहीं करके गरीबों के साथ अन्याय कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी सरकार की इस जनकल्याण योजना के तहत गरीबों का पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त होता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री इसे लागू नहीं कर रहे हैं। दिल्ली के लोगों को पूर्ण राज्य के नाम पर गुमराह करने वाले मुख्यमंत्री जनविरोधी कदम उठाते रहे हैं।
गौरव खारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना प्रत्येक नागरिक के लिए वरदान है जिसे दिल्ली में रोककर आप सरकार ने साबित कर दिया है कि वह गरीब विरोधी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लाखों लोग निजी अस्पतालों का खर्च नहीं उठा सकते हैं। यदि आयुष्मान योजना लागू कर दिया जाए तो दिल्ली के गरीब लोग भी निजी अस्पतालों में इलाज करा सकेंगे।
प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं ने कहा कि आप ने दिल्ली के लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने, सीसीटीवी लगाने, नई बसें खरीदने और महिला सुरक्षा को ध्यान में रखकर बसों में मार्शल की तैनाती करने, 500 नए स्कूल व कई कॉलेज खोलने, मुफ्त पानी और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया गया।
दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए बगैर भी इन वादों को पूरा करने के साथ ही आयुष्मान योजना को लागू किया जा सकता है। इस प्रदर्शन में ओबीसी मोर्चा के ललित खत्री, रामवीर तंवर, वेदपाल पंचाल, दुष्यंत यादव, सुधाकर बंसीवाल, बंसीलाल वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।