अमित शाह ने किया दिल्ली को मॉडल राजधानी बनाने का आह्वान, आगे आए पार्षद
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्षदों से कहा कि हमारा लक्ष्य दिल्ली विधानसभा चुनाव है। इसी क्रम में पार्षदों को दिल्ली को मॉडल राजधानी बनाने का आह्वान किया।
नई दिल्ली [ जेएनएन ]। मंगलवार को दिल्ली के विजेता निगम पार्षदों का मनोबल बढ़ाने के लिए पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दिल्ली को मॉडल राजधानी बनाना है। उन्होंने पार्षदों का आह्वान किया कि वह दिशा में काम करना शुरू कर दें।
लक्ष्य दिल्ली विधानसभा का चुनाव
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्षदों से कहा कि हमारा लक्ष्य दिल्ली विधानसभा चुनाव है। इसी क्रम में पार्षदों को दिल्ली को मॉडल राजधानी बनाने का आह्वान किया। पार्षदों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रेरणाश्रोत मानकर देश के लिए काम करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ेंः जानें क्यों टेलीविजन कार्यक्रम में फफक-फफककर रोने लगे मनोज तिवारी
मोदी जी की कूदने की नहीं छलांग लगाने की आदत
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी की कूदने की आदत नहीं है। उन्हें छलांग लगाने की आदत है। उनकी इस छलांग से देश आगे जा रहा है। उन्होंने जीत का श्रेय दिल्लीवासियों और बूथ कार्यकर्ताओं को दिया। अमित शाह ने कहा केजरीवाल ईवीएम को अपनी हार का कारण बता रहे हैं। असली कारण जानने के लिए उन्हें भाजपा के बूथ अध्यक्षों से मिलना चाहिए।
कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा
उन्होंने कहा निगम चुनाव से दिल्ली भाजपा का मनोबल बढ़ा है। नकारात्मक राजनीति करने वालों और काम नहीं करके बहाने बनाने वालों के लिए यह चुनाव सबक है। यह जीत पार्षदों के जीवन में बदलाव के लिए नहीं, बल्कि झुग्गियों में रहने वालों और आम दिल्लीवासियों के जीवन में बदलाव के लिए मिली है।