हरदीप सिंह पुरी से मिलकर भाजपा ने द्वारका में हज हाउस बनाने का किया विरोध
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पालम 360 खाप का प्रतिनिधि मंडल शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मिलकर द्वारका में हज हाउस बनाने के लिए जमीन के आवंटन को रद्द करने की मांग की।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पालम 360 खाप का प्रतिनिधि मंडल शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मिलकर द्वारका में हज हाउस बनाने के लिए जमीन के आवंटन को रद्द करने की मांग की। द्वारका के सेक्टर 22 में बनने वाला हज हाउस पूरी तरह से लोगों की भावनाओं के खिलाफ है।
दिल्ली में स्कूल-काॅलेज एवं अस्पताल की कमी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में स्कूल-कालेज और अस्पताल की कमी है। स्कूल-कालेज व अस्पताल बनाने के बजाय 360 खाप के लोगों की भावनाओं के खिलाफ दिल्ली सरकार राजनीतिक लाभ के लिए हज हाउस बनाने जा रही है।
लोग कर चुके हैं विरोध प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि भाजपा इसके पहले हज हाउस के लिए जमीन आवंटित करने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर चुकी है। जहां हज हाउस बनाने की बात हो रही है, वहां मुस्लिम समुदाय के काफी कम लोग रहते हैं। वहां रहने वाले भी हज हाउस की जगह स्कूल-कालेज व अस्पताल बनाने की मांग कर रहे हैं।
दिल्ली में वक़्फ़ बोर्ड की जमीन काफी
उन्होंने कहा कि दिल्ली में वक़्फ़ बोर्ड की काफी जमीन है उस पर हज हाउस बनाया जाना चाहिए। भाजपा ग्रामीणों के साथ है और दिल्ली सरकार की मनमानी को कभी पूरा नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी एवं जयवीर राणा के साथ 360 खाप के नेता उपस्थित थे।