Delhi Election 2025: 'बीजेपी ने पंजाबियों और सिख समाज का किया अपमान', केजरीवाल बोले- माफी मांगें अमित शाह
दिल्ली में पंजाब की गाड़ियां घूमने के भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के आरोप पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पंजाबियों और सिख समाज का अपमान किया है। बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा का कहना है कि पंजाबी गणतंत्र दिवस पर देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। क्या प्रवेश वर्मा पंजाबियों को देशद्रोही बता रहे हैं?

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर भाजपा पर हमला बोला है। दिल्ली में पंजाब की गाड़ियां घूमने के भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के आरोप पर केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। आप संयोजक ने बीजेपी पर पंजाबियों और सिख समाज का अपमान करने का आरोप लगाया है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से पंजाबियों से मांगी मांगने की मांग की है।
दिल्ली में पंजाब की गाड़ियां घूमने के आरोप पर बोले केजरीवाल
उन्होंने कहा, "भाजपा के नई दिल्ली से प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने पंजाबियों पर जो आरोप लगाया है, बहुत ही निंदनीय है। मैं कहना चाहता हूं कि क्या उन्हें पंजाब के लोगों से डर है, क्या सारे पंजाबी आतंकवादी हैं। पंजाबियों ने दिल्ली को बनाया है दिल्ली को संवारा है। वह कैसे पंजाबियों के खिलाफ कोई बयान दे सकते हैं।" केजरीवाल ने मांग की कि इस मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए।
दिल्ली में गुंडागर्दी कर रही भाजपा- केजरीवाल
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "किसी भी राजनीतिक दल का प्रत्याशी हिंसा पर तब उतारू होता है जब उसे लगता है वह बुरी तरह हार रहा है और जनता उसकी बात नहीं सुन रही है। भाजपा भी दिल्ली में यही कर रही है जनता सब देख रही है। भाजपा दिल्ली में गुंडागर्दी कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का उसे संरक्षण प्राप्त है। दिल्ली में कानून व्यवस्था से पुलिस को हटा लिया गया है।"
दिल्ली में ध्वस्त हो चुकी है कानून व्यवस्था- केजरीवाल
आप संयोजक ने कहा, " दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा का उस पर कोई ध्यान नहीं है। पूरी दिल्ली पुलिस भाजपा को संरक्षण देने में लगी हुई है।"
(1).jpg)
केजरीवाल ने दावा किया कि मेरी कुछ थानाध्यक्षों से बात हुई है। उन्होंने बताया है कि भाजपा को संरक्षण देने के लिए सीधे उनके पास गृह मंत्रालय से संदेश आ रहे हैं कि कहां-कहां पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की बैठकें निरस्त करनी है या उन्हें अनुमति नहीं देनी है।
भाजपा को तीन सीटें भी नहीं मिलेंगी - आप
उन्होंने आगे कहा, "भाजपा वाले जितनी गुंडागर्दी कर रहे हैं उतने ही इनको वोट कम होंगे। 2015 में इन्होंने जो तीन सीट जीती थी उतनी भी इनको नहीं मिलेंगी। जिन-जिन लोगों के खिलाफ आतिशी ने कहा है इन सब को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, इन पर कार्रवाई होनी चाहिए, चुनाव तक इनको जेल में रखा जाए।"
AAP कार्यकर्ताओं को धमका रहे रमेश बिधूड़ी के लोग - आतिशी का आरोप
इसी कड़ी में कालकाजी सीट से चुनाव लड़ रही मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उन्होंने कहा, "बिधूड़ी के लोग विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके में आम आदमी पार्टी के लोगों से प्रचार सामग्री छीन ले रहे हैं और उसे जला दे रहे हैं। इस तरीके की घटनाएं सभी इलाकों से में हो रही हैं। मगर प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।"
.jpg)
AAP पदाधिकारी को फोन पर धमका रहे बिधूड़ी- आतिशी
आतिशी ने यह भी आरोप लगाया कि रमेश बिधूड़ी आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी को फोन पर धमका रहे हैं और कह रहे हैं कि भाजपा में आ जाओ नहीं तो चुनाव के बाद में आप से निपटेंगे।
आतिशी ने कहा, "मेरे विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी द्वारा जिस तरीके से माहौल बनाया जा रहा है इसे लेकर वह आज चुनाव आयोग को पत्र लिखने जा रही हैं और भाजपा प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करेंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।