BJP सांसद का बड़ा बयान- INLD ने अपनी राजनीति बचाने के लिए किया बसपा से समझौता
भाजपा सांसद ने कहा कि देश के विकास में सबसे बड़ी बाधा राज्यसभा है, जिसमें ऐसे लोग सांसद बन जाते हैं, जिसकी पंच बनने की भी हैसियत नहीं है।
बल्लभगढ़/फरीदाबाद। कुरूक्षेत्र से भाजपा सांसद व लोकतंत्र सुरक्षा मंच के संस्थापक राजकुमार सैनी ने कहा कि विभिन्न दलों के नेता देश में लूटपाट की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें विकास से कोई लेना देना नहीं है। इनेलो ने भी अपने निजी स्वार्थों के लिए और पार्टी की राजनीति को बचाने के लिए बहुजन समाज पार्टी से समझौता किया है। अगर ऐसा नहीं है, तो अभय चौटाला बसपा को विधानसभा व लोकसभा की सीटों में से 50 फीसदी देने का वादा करे, तो चुनाव में हम भी उनका साथ देने को तैयार हैं।
राजकुमार सैनी दशहरा मैदान में आयोजित सर्वजातीय समानता रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 52 साल में 45 साल केवल एक वर्ग के लोगों ने शासन किया है। इनकी जनसंख्या 18 फीसद है, पर नौकरियों में 52 फीसद पर कब्जा है। इसके बाद भी आरक्षण मांग रहे हैं। क्या है तर्कसंगत है। क्या यह दूसरों का हक नहीं मार रहे। आरक्षण के मुख्य हकदार को नौकरी मिल ही नहीं रही है।
उन्होंने कहा कि देश के विकास में सबसे बड़ी बाधा राज्यसभा है, जिसमें ऐसे लोग सांसद बन जाते हैं, जिसकी गांव में पंच बनने की भी हैसियत नहीं है। यह केवल भाई भतीजा व क्षेत्रवाद के कारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि कभी भी गलत राजनीति नहीं की, भाजपा में भी गलत का साथ नहीं दिया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें कभी सत्ता में आने का मौका मिला तो जनसंख्या के आधार पर 100 फीसदी आरक्षण, मनरेगा के तहत मजदूर व किसान को जोड़ना, एक परिवार एक रोजगार व हम दो हमारे दो नीति पर काम किया जाएगा। उन्होंने 2019 के चुनाव में लोकसभा की 10 व विधानसभा की 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।
इस दौरान बसपा के कार्यकर्ता जयप्रकाश अपने साथियों के साथ राजकुमार सैनी के समक्ष लोकतंत्र सुरक्षा मंच एवं जनाधिकार सामाजिक संगठन में शामिल हुए।