VIDEO : दिल्ली के करीब यूपी के भाजपा नेता ने टोलकर्मी को पीटा, वीडियो हो रहा वायरल
जेवर में टोल प्लाजा पर टोलकर्मी द्वारा टोल मांगने पर भाजपा नेता इस कदर नाराज हो गए की उन्होंने उसे जमकर धुन दिया। मामला अब वायरल हो रहा है।
नोएडा, जेएनएन। जेवर से नोएडा लौटते हुए कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम जेवर टोल प्लाजा पर हंगामा किया है जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। टोलकर्मी द्वारा टोल टैक्स मांगने पर भाजपा नेता इस कदर नाराज हो गए की उन्होंने उसे जमकर धुन दिया। पीड़ित टोलकर्मी ने जेवर पुलिस से मामले की शिकायत की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित टोलकर्मी अमित कुमार बुधवार को जेवर टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे थे। उनका आरोप है कि बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दो कारों में सवार जिलास्तरीय व मंडलस्तरीय भाजपा कार्यकर्ता जेवर से नोएडा जा रहे थे। जेवर टोल प्लाजा पर पीड़ित टोलकर्मी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से टोल मांगा तो इस पर कार्यकर्ता भड़क गए और अपने आपको भाजपा नेता बताते हुए टोल टैक्स देने से मना कर दिया।
#Jewar #tollplaza पर बीजेपी नेता की बदसलूकी pic.twitter.com/ls5cR47bDl — Prateek Kumar (@prateekishappy) July 25, 2019
इस पर पीड़ित ने अपने उच्चाधिकारी से फोन पर बात की। उच्चाधिकारी से बात करने के बाद उन्होंने टोल लिए बिना कारों को जाने दिया। आरोप है कि आरोपितों ने टोल प्लाजा से कुछ दूर आगे जाकर अपनी कार रोक दी और वापस आकर टोलकर्मी से बदसलूकी व मारपीट की। पीड़ित टोलकर्मी ने भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी व बदसलूकी की शिकायत जेवर पुलिस से की है।
ज्ञात हो कि जून माह में भी जेवर टोल प्लाजा पर गढ़ क्षेत्र के एक भाजपा विधायक ने भी समर्थकों के साथ टोलकर्मी द्वारा टैक्स मांगने पर उससे मारपीट की थी। उस मामले में भी अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हो सका है।