केजरीवाल के मंत्री सत्येंद्र जैन फिर नई मुश्किल में, बेनामी संपत्ति में कसा शिकंजा
लोकायुक्त जस्टिस रेवा खेत्रपाल की ओर से दिए गए आदेश में कहा गया है कि क्यों न सत्येंद्र जैन के खिलाफ उपयुक्त धाराओं के तहत जांच बैठाई जाए।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन को बेनामी संपत्ति से जुड़े मामले में लोकायुक्त कार्यालय की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। लोकायुक्त जस्टिस रेवा खेत्रपाल की ओर से दिए गए आदेश में कहा गया है कि क्यों न सत्येंद्र जैन के खिलाफ उपयुक्त धाराओं के तहत जांच बैठाई जाए। शिकायतकर्ता नीरज ने कहा है कि इस मामले से जुड़े व्यक्तियों द्वारा चल-अचल संपत्ति को बेनामी कंपनियों के जरिये संदिग्ध तरीके से हासिल किया गया है। इन बेनामी कंपनियों को सत्येंद्र जैन व उनके परिवार वाले निजी स्वार्थों के लिए नियंत्रित करते थे। ये लेन-देन करोड़ों रुपये में है और कई वर्षों तक किए जाते रहे। ये बेनामी संपत्तियां दिल्ली व कोलकाता से जुड़ी हुईं हैं।
बिना देरी के सत्येंद्र जैन को बर्खास्त करें केजरीवाल: मनोज तिवारी
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। मनोज तिवारी का कहना है कि लोकायुक्त द्वारा सत्येंद्र जैन को आय से अधिक संपत्ति के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चाहिए कि वह बिना देरी किए सत्येंद्र जैन को कैबिनेट से बर्खास्त करें।
मनोज तिवारी ने कहा कि लोकायुक्त के आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंत्री सत्येंद्र जैन पर लोकायुक्त की एक्ट 1995 की धारा 2 (बी) एवं धारा 7 के अंतर्गत प्रथम दृष्ट्या मामला बनता है । इसलिए यह आवश्यक है कि सत्येंद्र जैन कारण बताएं कि क्यों न उनके खिलाफ हवाला एवं बेनामी लेन-देन करने के मामले में केस दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त के नोटिस के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगर लोकपाल/लोकायुक्त के प्रति सम्मान रखते हैं तो वह सत्येंद्र जैन को तुरंत कैबिनेट से बर्खास्त करें। इसके साथ ही फर्जी डिग्री के मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक फतेह सिंह को विकास बोर्ड के अध्यक्ष के पद के साथ विधानसभा से निलंबित किया जाए।