बेअसर भारत बंद पर गरजी भाजपा, CM पद से इस्तीफा दें केजरीवाल
विपक्ष द्वारा बुलाए गए भारत बंद को आम जनता का समर्थन नहीं मिला। दिल्ली में बंद बेअसर दिखा जिसे लेकर भाजपा ने केजरीवाल का इस्तीफा मांगा है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। नोटबंदी के बाद विपक्ष का भारत बंद दिल्ली में बेअसर दिखा। बंद को जन समर्थन न मिलने से उत्साहित भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांग लिया है। भाजपा की तरफ से कहा गया है कि नोटबंदी से हो रही परेशानी के बाद भी आम लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन कर रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि केजरीवाल लगातार कहते रहे हैं कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 70 में से 67 सीटों का बहुमत दिया है। लेकिन विपक्ष के भारत बंद के दौरान लोगो ने बंद को पूरी तरह से नकार दिया। भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली में बंद पूरी तरह से बेअसर रहा है लिहाजा केजरीवाल को नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
नोटबंदी के समर्थन में व्यापारी, दिल्ली के बाजारों में नहीं दिखा भारत बंद का असर
भाजपा नेता ने कहा कि देश का मजदूर वर्ग, कारोबारी वर्ग, रेहड़ी पटरी वालों से लेकर ऑटो-टैक्सी चलाने वालों ने भी भारत बंद का समर्थन नहीं किया। आम लोगों ने रोजाना की तरह का काम करते हुए देश की अर्थव्यवस्था में परिवर्तन के प्रयास का समर्थन किया है।
नोटबंदी का सियासी फायदा
भाजपा ने आरोप लगाया कि नोटबंदी का सियासी फायदा उठाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मिलकर इसे राजनीतिक एव सांप्रदायिक रंग देकर दिल्ली की जनता को भड़काने का हरसंभव प्रयास किया।
केजरी 'वार': फ्लॉप हुआ नोटबंदी का फैसला, 20 दिनों में 10 साल पीछे हुआ देश
लोगों को भड़काने की कोशिश
भाजपा की तरफ से यह भी कहा गया है कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था खराब करने और जरूरी वस्तुओं की कमी पैदा करने के लिए केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेताओं ने बार-बार बैंक के बाहर लाइन में खड़े लोगों, फल, सब्जी व अनाज मंडी में और अन्य व्यापारियों के पास जाकर उन्हें भड़काने की कोशिश की, लेकिन लोग इनके बहकावे में नहीं आए।