PWD घोटाला: केजरीवाल के करीबी रिश्तेदार की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने मांगा इस्तीफा
भाजपा का कहना है कि दिल्ली सरकार की मिलीभगत के बिना यह घोटाला संभव नहीं है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में हुए घोटाले में आरोपित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साढ़ू सुरेंद्र कुमार बंसल के बेटे विनय कुमार बंसल की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष का दिल्ली सरकार पर हमला तेज हो गया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की है। उसका कहना है कि दिल्ली सरकार की मिलीभगत के बिना यह घोटाला संभव नहीं है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कुछ महीने पहले बिना निर्माण कार्य कराए दस करोड़ रुपये का भुगतान करने का मामला सामने आया था। तब आम आदमी पार्टी (आप) ने इस मामले को दबाने और आरोपित को बचाने की कोशिश की थी।
अब भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने इस मामले के आरोपित मुख्यमंत्री के साढ़ू के बेटे विनय कुमार बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। इससे भ्रष्टाचार से त्रस्त दिल्लीवासियों ने राहत की सांस ली है। वहीं, मुख्यमंत्री को अब अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन से निकली आप भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूब गई है। कई घोटाले सामने आ चुके हैं। आप के बड़े नेता आरोपितों का बचाव करते हैं।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी घोटाला बिना मुख्यमंत्री की जानकारी और मिलीभगत के संभव नहीं था। शक की सुई मुख्यमंत्री की तरफ भी घूम रही है। उनपर आरोप है कि उन्होंने फर्जी बिल पर भुगतान करने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाया था। मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन को भी मनी लांड्रिंग मामले में पूरी तरह बचाया। उन्होंने सत्येंद्र जैन की पुत्री की गैरकानूनी नियुक्ति के मामले को भी दबाने की पूरी कोशिश की।