भाजपा के नए पार्षदों की लगेगी क्लास, सीखेंगे निगम की बारीकियां
पार्षदों को भाजपा का इतिहास व विकास, निगम से संबंधित नियम, भाषण कला, मीडिया व सोशल मीडिया प्रबंधन, समय प्रबंधन आदि की जानकारी दी जाएगी।
नई दिल्ली [जेएनएन]। नए चेहरों के साथ भाजपा ने चुुनावी समर तो जीत लिया लेकिन अब उसके सामने चुनौती दिल्लीवासियों से किए गए वादे पूरे करने की है। फंड की कमी और दिल्ली सरकार के साथ असहज रिश्तों के बीच भाजपा के अनुभवहीन पार्षदों के लिए दिल्लीवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना आसान नहीं है।
इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पार्टी अपने पार्षदों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसमें पार्षदों को निगम के नियम व कामकाज के तरीके बताए जाएंगे जिससे कि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
भाजपा ने इस बार अपने सभी मौजूदा पार्षदों का टिकट काटकर नए चेहरों को मैदान में उतारा था। पार्टी का यह फैसला कामयाब रहा। तीनों निगमों में भाजपा की वापसी हो गई है। अब निगमों में पहुंचने वाले नए पार्षदों को प्रशिक्षण देने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए केंद्रीय भाजपा सुशासन विभाग प्रस्ताव तैयार कर रहा है। यह प्रस्ताव दिल्ली भाजपा को भेजा जाएगा।
यह भी पढें: MCD जीत पर बोले मनोज तिवारी-दिल्ली वालों को हक दिलाने के लिए एक कर देंगे दिन-रात
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे के नेतृत्व में यह विभाग काम करता है। पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी और भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा भी इसके सदस्य हैं। विभाग का काम भाजपा शासित राज्यों और स्थानीय निकायों में शासन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सलाह देना है।
सहस्त्रबुद्धे दिल्ली नगर निगम चुनाव के भी प्रभारी थे। जानकारी अनुसार इनकी देखरेख मेें पार्षदों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। पार्षदों को भाजपा का इतिहास व विकास, निगम से संबंधित नियम, भाषण कला, मीडिया व सोशल मीडिया प्रबंधन, समय प्रबंधन आदि की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में निगम के पुराने नेताओं को भी बुलाया जाएगा जिससे कि उनके अनुभव का लाभ नए सदस्यों को मिल सके।
यह भी पढें: MCD चुनाव में BJP की जीत की हैट्रिक, AAP क्लीन बोल्ड