निगम की 5 सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा को झटका, पार्षद रेखा दीक्षित ने थामा AAP का दामन
Delhi MCD By Election रेखा दीक्षित अनारकली वार्ड से भाजपा की मौजूदा पार्षद हैं। बृहस्पतिवार को AAP के निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक और कृष्णानगर के विधायक एसके बग्गा ने टोपी और पटका पहना कर दोनों को सदस्यता दिलवाई।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली नगर निगम की पांच सीटों उपचुनाव के तहत आगामी 28 फरवरी को मतदान होना है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के साथ दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी भी जोरशोर से प्रचार में जुटी हुई है। वहीं, नेताओं को दलबदल करना जारी है। इस बीच शाहदरा जिले के पूर्व महामंत्री श्रवण दीक्षित और उनकी पत्नी रेखा दीक्षित ने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। रेखा दीक्षित अनारकली वार्ड से भाजपा की मौजूदा पार्षद हैं। AAP के निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक और कृष्णानगर के विधायक एसके बग्गा ने टोपी और पटका पहना कर दोनों को सदस्यता दिलवाई।
इस मौके पर दुर्गेश पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने छह साल में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। स्कूलों और अस्पतालों को बेहतर बनाया है। बिजली, पानी, सड़क और वाई-फाई की बेहतर सुविधा जनता को दी जा रही है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इन कार्यों से प्रभावित होकर लगातार दूसरे दलों के नेता आप से जुड़ रहे हैं। इसी कड़ी में श्रवण दीक्षित और रेखा दीक्षित भी AAP में शामिल हुए हैं।
चांदनी चौक के विधायक एसके बग्गा ने कहा कि श्रवण दीक्षित अपने क्षेत्र का बड़ा नाम हैं और उनकी पत्नी रेखा दीक्षित मौजूदा पार्षद हैं। अब दोनों आप परिवार का हिस्सा हो गए हैं। आशा है कि आने वाले समय में इनके बाकी साथी भी AAP में शामिल हो जाएंगे।
उधर, सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्रवण दीक्षित ने कहा कि अब किसानों को सड़क पर सोना पड़ रहा है। किसान परिवार से होने के नाते उन्हें दुखी देखकर मेरा भाजपा में दम घुटता था। मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल के सभी कामों से प्रभावित होकर आप में शामिल होने का निर्णय लिया। उनके साथ अनारकली वार्ड से भाजपा संगठन मंत्री शिवकुमार वर्मा, बूथ संयोजक पुनीत अरोड़ा, भाजपा नेता विजय साईं, योगेश गौड़, अजमल खान और रवि भारद्वाज ने AAP की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर आप नेता जुगल अरोड़ा भी मौजूद रहे।