Delhi News: दिल्ली के 'दिल' में छेद कर रहा ये गिरोह, पर्यटकों के साथ की जा रही गंदी हरकतें
Delhi Connaught Place दिल्ली का दिल कह जाने वाले कनॉट प्लेस में भिखारियों का गिरोह देशी-विदेश पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार करता है। वह उनके पैरों पर लिपटकर भीख मांगता है। इसमें सबसे ज्यादा छोटे बच्चे शामिल हैं। जिससे पर्यटकों को परेशानी भी होती है।
नई दिल्ली [आशीष सिंह]। कनाट प्लेस में इन दिनों भिखारी पर्यटकों की परेशानी का कारण बने हुए हैं। भिखारी बच्चों के साथ मिलकर खरीदारों और घूमने आने वाले पर्यटकों से भीख मांगने के साथ ही उनका सामान झपट कर भीड़ के बीच से गायब हो जाते हैं।
झपटमारी के मामले में अधिकतर भिखारियों के बच्चे शामिल होते हैं। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने यहां की गलत छवि बन रही है। यह स्थिति तब है, जब कुछ माह पूर्व पुलिस ने मुहिम चलाकर यहां से सैकड़ों भिखारियों को हटाया था।
पुलिस का दावा था कि यह इलाका भिखारीमुक्त हो चुका है। इनके बच्चे लोगों से खाने-पीने तक का सामान भी छीन रहे हैं। अगर कोई व्यक्ति इन्हें सामान नहीं देता है तो ये लोग उनसे दुर्व्यवहार करते हैं और उनके पैर पर लिपट तक जा रहे हैं।
इससे लोगों को मजबूरन रुपये देने पड़ते हैं। शनिवार और रविवार को इनकी संख्या बढ़ जाती है। बाजार में आने वाले वाले लोग इनसे बचकर चल रहे हैं। पालिका बाजार के गेट नंबर एक के पास इन महिलाओं का गिरोह नजर आया।
इसमें इनके बच्चे लोगों से खाने-पीने की चीजें छीन रहे थे और यह महिलाएं उन चीजों को समेटतीं दिखीं। इससे यहां के दुकानदार भी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि इससे उनकी दुकानों पर लोग नहीं आ रहे हैं।
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य अमित गुप्ता ने बताया कि इस मामले को लेकर थाने में शिकायत की जाती रही हैं। पुलिस भी समय-समय पर इन लोगों को हटाती है, लेकिन कुछ समय से इन लोगों की संख्या अधिक बढ़ गई है। इन्हें हटाने की मुहिम चलानी चाहिए।