यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi News: बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर को लेकर आया बड़ा अपडेट, राजधानी की जनता को जल्द मिलेगी राहत
Barapullah Flyover New Deadline दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर ...और पढ़ें

HighLights
- 250 पेड़ स्थानांतरित करने का बाद बाकी काम भी किया जाएगा पूरा।
- लंबित ढांचागत परियोजनाएं समय पर पूरा करना हमारी प्राथमिकता।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। Barapullah Flyover Completion Date दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को बारापुला फेज-तीन परियोजना स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि सरकार इस साल दिसंबर तक बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को पूरा करने का प्रयास करेगी।
इसके लिए वन विभाग की अनुमति लेकर जल्द ही पेड़ों को स्थानांतरित कराया जाएगा। इसके बाद बचे हुए कामों को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
दरअसल, बारापुला फेज-तीन परियोजना वर्ष 2015 से निर्माणाधीन है। इसके पूरा होने के बाद पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार-एक और दक्षिण-दिल्ली स्थित एम्स के बीच सफर सुगम हो जाएगा। नया फ्लाईओवर सराय काले खां में मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ेगा।
स्वीकृति प्रक्रिया अंतिम चरण में
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना का लगभग 89 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य पेड़ों के स्थानांतरण के लिए वन विभाग की स्वीकृति के अभाव में रुका हुआ है। करीब 250 पेड़ों को हटाने और स्थानांतरित करने की जरूरत है, जिसके लिए स्वीकृति प्रक्रिया अंतिम चरण में है। परियोजना 2014 में स्वीकृत हुई थी और 2015 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। इसे 2017 में पूरा किया जाना था। परियोजना के लिए समय-समय पर स्वीकृतियों में देरी और अन्य तकनीकी अड़चनें रुकावट का कारण बनीं।
यह एक बहुत बड़ी परियोजना है
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में काम में प्रगति हुई है। हमारा लक्ष्य इस साल दिसंबर तक इस फ्लाईओवर को शुरू करना है। यह एक बहुत बड़ी परियोजना है, जिस पर पूर्ववर्ती सरकार ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इससे परियोजना की लागत में वृद्धि हुई और काम में भी देरी हुई।
उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल से पेड़ों को स्थानांतरित करने के लिए लंबित अनुमोदन के मामले पर विचार किया जा रहा है। हमें जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद परियोजना पूरी की जाएगी। पूर्ववर्ती सरकार ने ठेकेदार को भुगतान नहीं किया। पेड़ काटने की अनुमति के संबंध में पूर्ववर्ती सरकार ने ज्यादा काम नहीं किया इसलिए परियोजना में देरी हुई।
कहा यह सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि दिल्ली के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी प्राथमिकता यह है कि कोई भी परियोजना अब लालफीताशाही या लापरवाही का शिकार न हो और सभी लंबित बुनियादी ढांचागत परियोजनाएं समय पर पूरी हों।
