दिल्ली में दिनदहाड़े बंदूक की नोंक पर बैंक में लूट, भागने के दौरान पकड़ा गया एक बदमाश
दो दिन पहले यूपी से दिल्ली से दिल्ली आए दो बदमाशों ने शाहदरा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में बृहस्पतिवार को बंदूक की नोंक पर लूटपाट की।
नई दिल्ली, जेएनएन। फर्श बाजार इलाके में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में दिनदहाड़े दो बदमाश हथियार के साथ दाखिल हो गए। यहां बदमाशों ने खाते में रकम जमा कराने पहुंचे एक कारोबारी से पौने नौ लाख रुपये लूट भी लिए। लेकिन मौके से भागते समय एक बदमाश फुटपाथ लड़खड़ाकर गिर गया। इसके बाद बैंक के सुरक्षागार्ड ने उसे दबोच लिया। जबकि उसका साथ फरार हो गए। गश्त करते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके पास से लूटी गई पूरी नकदी भी बरामद हुई है।
आरोपित की पहचान विकास (20) निवासी अमरोहा, यूपी के रूप में हुई है। उसके पास से कट्टा और चार कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में पता चला है कि वह अपने एक साथी के साथ अमरोहा से एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंचा था। रात दोनों लोनी इलाके में गुजारी। इसके बाद यहां वारदात को अंजाम देने पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित कारोबारी महेश की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
घटना के बाद मचा अफरातफरी
जानकारी के मुताबिक, महेश परिवार के साथ फर्श बाजार इलाके में रहते हैं। उनका इलाके में ही साड़ियों का शोरूम है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह फर्श बाजार के भोलानाथ नगर स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में 8.89 लाख रुपये जमा कराने पहुंचे थे। यह शाखा एक निजी स्कूल के परिसर के अंदर में है। इसमें एक तरफ स्कूल है और दूसरी तरफ बैंक की शाखा। महेश के हाथ में एक बैग था, जिसमें नकदी रखी हुई थी। वह कैश काउंटर के पास खड़े थे तभी नकाबपोश दो बदमाश पिस्टल लेकर घुस गए। उन्होंने महेश के हाथ से बैग छीन लिया। यह देख वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
बदमाश पिस्टल लहराते हुए वहां से निकलने लगे। उनके पीछे-पीछे बैंक में तैनात सुरक्षागार्ड भी निकले। परिसर से बाहर निकलते ही एक बदमाश फुटपाथ पर लड़खड़ाकर गिर गया। सुरक्षागार्ड ने वहां मौजूद लोगों की मदद से तुरंत ही उसे दबोच लिया। इस बीच पुलिसकर्मी भी वहां गश्त करते हुए पहुंच गए। आरोपित के पास से कारोबारी का बैग भी बरामद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दूसरा बदमाश एक मोटरसाइकिल से शाहदरा की तरफ भाग निकला।
ऐसे रची साजिश
पूछताछ में विकास ने बताया कि उसे और उसके साथी को पैसों की जरूरत थी। इसके लिए दोनों ने दिल्ली में लूटपाट की साजिश रची। दोनों मंगलवार सुबह ट्रेन से शाहदरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से बाहर निकलकर दोनों ने कुछ बैंक शाखाओं की रेकी की। इसके बाद रात में दोनों लोनी में अपने एक जानकार के पास चले गए। रात गुजारने के बाद बुधवार को दोनों उसी की मोटरसाइकिल लेकर फिर से शाहदरा पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल परिसर में स्थित सेंट्रल बैंक की इस शाखा की रेकी की। उन्हें पता चला कि यहां एक ही सुरक्षागार्ड है। यहां से आने-जाने के रास्ते पर उन्हें पुलिस भी नजर नहीं आई। इसके बाद बृहस्पतिवार को उसने अपने साथी के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।