Delhi News: बुलडोजर रोकने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएं केजरीवाल : कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि भाजपा तथा केजरीवाल मिलकर गरीबों के घरों और दुकानों को उजाड़ने के लिए जहां कुछ स्थानों पर नोटिस भेज रहे है वहीं अधिकतर जगह बिना नोटिस ही कार्रवाई कर रहे हैं।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लाखों लोगों को भाजपा के बुलडोजर अभियान के तहत उजड़ने से बचाने के लिए इसके सिवाए कोई उपाय नहीं है। बकौल चौधरी, विधानसभा में बुलडोजर अभियान के खिलाफ प्रस्ताव पास किया जाए और भविष्य में बुलडोजर जैसी कार्रवाई न हो, इसके लिए कानून बनाएं।
बिना नोटिस दिए हो रही कार्रवाई
चौधरी ने कहा कि भाजपा तथा केजरीवाल मिलकर गरीबों के घरों और दुकानों को उजाड़ने के लिए जहां कुछ स्थानों पर नोटिस भेज रहे है, वहीं अधिकतर जगह बिना नोटिस ही कार्रवाई कर रहे हैं। दोनों सरकारें अनधिकृत कालोनियों, झुग्गी झोंपड़ी में रहने पांच लाख रेहड़ी पटरी वालों की आजीविका पर भी बुलडोजर चला रही हैं।
कांग्रेस ने बुलडोजर अभियान का किया विरोध
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के तहत दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड का काम झुग्गी, झोपड़ी और स्लम वासियों को आवास मुहैया कराना है जबकि केजरीवाल उन्हें उजाड़ने के लिए बुलडोजर भेज रहे हैं। कांग्रेस इसका विरोध करती है। पार्टी नेता तथा कार्यकर्ताओं ने खुलकर बुलडोजर के सामने आकर विरोध किया जोहै आगे भी जारी रहेगा।
बुलडोजर पर चल रही राजनीति
बता दें कि बीते कुछ दिनों से भाजपा नगर निगम के तहत आने वाले क्षेत्रों में प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चला रहा है। इसके कारण भाजपा का आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही विरोध कर रही है। यह भी बता दें कि बुलडोजर अभियान सिर्फ दिल्ली ही नहीं यूपी मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में चल रहा है। इसलिए इस पर देशव्यापी राजनीति इन दिनों चर्चा में है।