केंद्रीय करों में दिल्ली की हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग, वित्त आयोग के अध्यक्ष से मिले केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने वित्त आयोग के अध्यक्ष एन के सिंह से मिलकर केंद्रीय करों में दिल्ली की हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से केंद्रीय करों में दिल्ली की हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की है। शुक्रवार को ट्वीट कर केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने वित्त आयोग के अध्यक्ष एन के सिंह और उनकी टीम से मुलाकात की और उनसे केंद्रीय करों में दिल्ली की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए अनुरोध किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोग लगभग 1.75 लाख करोड़ रुपये इनकम टैक्स देते हैं। उनमें से सिर्फ 325 करोड़ रुपये ही दिल्ली सरकार को वापस मिलता है, जिन्हें विकास कार्यों के लिए खर्च किया जाता है।
इससे पहले जून में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार से दिल्ली के लिए केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के छह हजार करोड़ की मांग की थी। इस बात की जानकारी सिसोदिया ने अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर ट्वीट करके दी थी। उन्होंने बताया था कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ प्री बजट मीटिंग में उन्होंने नगर निगमों के लिए देश के बाकी निगमों की तर्ज पर अलग से फंड देने की मांग की है।
सिसोदिया ने कहा था कि पिछले 18 साल से दिल्ली को केवल 325 करोड़ मिलते है। दिल्ली के लोग 1.5 लाख करोड़ केंद्रीय टैक्स देते हैं। बाकी राज्यों को केंद्रीय करों से 42 फीसद हिस्सेदारी मिलती है'। बता दें कि इससे पहले भी आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार केंद्रीय करों में अधिक हिस्सेदारी की मांग करती रही हैं। एक बार फिर दिल्ली सरकार ने इस मुद्दे को केंद्र सरकार के सामने उठाया है।
दिल्ली- NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप