यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Covid Medicine: कोरोना के हल्के लक्षणों को जल्दी ठीक करने में उपयोगी एनएओक्यू19 को मिली मंजूरी
श्री श्री तत्त्व के मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी डा. एम. रवि कुमार रेड्डी ने बताया कि एनएओक्यू19 का अलग-अलग संस्थानों में ...और पढ़ें

नई दिल्ली [राहुल चौहान]। कोरोना के हल्के से मध्यम लक्षणों को जल्दी ठीक करने में आयुर्वेदिक दवा एनओक्यू-19 उपयोगी पाई गई है। यह एन्टीवायरल दवा है। आयुष मंत्रालय ने इस दवा को कोरोना के इलाज की सहायक दवा के रूप में मंजूरी दे दी है। दवा बनाने वाली कंपनी श्री श्री तत्व के प्रबंध निदेशक अरविंद वर्चस्वी ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि एनएओक्यू-19 एक पालीहर्बल फार्मूलेशन है। यह 13 शक्तिशाली जड़ी बूटियों और उनके अर्क का एक मिश्रण है जो प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) को मजबूत करता है। यह सर्दी, खांसी, श्वसन संबंधी विकार, सूजन और बुखार जैसी स्थितियों में भी प्रभावी पाया गया है।
हल्के और मध्यम लक्षण वाले मरीजों के लिए कारगर
दवा के परीक्षण में शामिल रहे एम्स जोधपुर में डीन आफ रिसर्च डा.पंकज भारद्वाज ने बताया कि कोरोना के हल्के और मध्यम लक्षण वाले मरीज दिन में तीन बार दवा की दो गोली ले सकते हैं। 60 गोली (500 एमजी) की शीशी 250 रुपये में बाजार में उपलब्ध है।
550 से अधिक मरीजों पर किया गया परीक्षण
श्री श्री तत्त्व के मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी डा. एम. रवि कुमार रेड्डी ने बताया कि एनएओक्यू19 का अलग-अलग संस्थानों में 550 से अधिक मरीजों पर परीक्षण किया गया था। दवा को मंजूरी एम्स जोधपुर, जिम्स नोएडा और एम्स ऋषिकेश जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में गहन क्लिनिकल परीक्षण के बाद मिली है।
जल्द देखा गया सुधार
अध्ययन में एनएओक्यू19 के साथ इलाज करने पर कोरोना के हल्के से मध्यम रोगियों में जल्दी से सुधार देखा गया। साथ ही लक्षणों में भी 100 प्रतिशत सुधार देखा गया। जिन भी मरीजों को एनएओक्यू- 19 लगाया गया, उनमें से 100 प्रतिशत मरीज अनुमानित अवधि में पूरी तरह से ठीक हो गए। परीक्षण के दौरान इस दवा का मरीजों पर कोई दुष्प्रभाव नहीं देखा गया।
