क्रिकेटर विराट कोहली की पत्नी लोगों को सिखा रही हैं ट्रैफिक रूल्स, सामने आया VIDEO
वीडियो संदेश में अनुष्का बाइक चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संदेश देती दिख रही हैं।
नई दिल्ली (जेएनएन)। राजधानी दिल्ली में वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक करने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और अभिनेता वरुण धवन से हाथ मिलाया है। इसके तहत यातायात पुलिस ने वीडियो संदेश की सीरिज तैयार करवाई है। इसमें अनुष्का और वरुण लोगों को सड़क पर वाहन चलाने के दौरान सुरक्षित रहने के गुर सिखाते दिखेंगे।
अनुष्का का एक वीडियो यातायात पुलिस के ट्विटर हैंडल पर अपलोड भी कर दिया गया है। जबकि वरुण के संदेश को माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर डालने की तैयारी की जा रही है।
pic.twitter.com/VzV1ezCtac— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) April 2, 2018
यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आगामी फिल्म 'सूईधागा' की शूटिंग को लेकर अनुष्का शर्मा और वरुण धवन फिलहाल दिल्ली में हैं। इस फिल्म की शूटिंग चांदनी चौक इलाके में चल रही है। इसके लिए वहां भारी सुरक्षा प्रबंध किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक वह चाहते थे कि सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देने के लिए दोनों सिने सितारों के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाये, दोनों के काफी व्यस्त होने के कारण ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद यातायात पुलिस ने उनका वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया।
एक संदेश को पुलिस के ट्विटर हैंडल पर अपलोड भी कर दिया गया है। इस वीडियो संदेश में अनुष्का बाइक चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संदेश देती दिख रही हैं।
वरुण का वीडियो भी लोगों से सुरक्षित ड्राइविंग की अपील करने पर आधारित है। उनके इस वीडियो को भी माइक्रोब्लागिंग साइट पर अपलोड करने की तैयारी चल रही है।
इससे पहले भी यातायात पुलिस फिल्म कलाकार अर्जुन कपूर, सोनम कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, कंगना रनौत और कपिल शर्मा के साथ मिलकर सुरक्षित ड्राइविंग के अभियान चला चुकी है।
बता दें कि दिल्ली में साल 2017 में कुल 1474 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। इनमें 1,505 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, इस वर्ष 15 मार्च तक 239 सड़क दुर्घटनाओं में 248 लोग जान गवां चुके हैं। ज्यादातर दुर्घटना लापरवाही से वाहन चलाने,हेल्मेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अवहेलना के कारण हुए।