विदेशी महिला ने youtube पर बयां किया दर्द, कहा- होटल के कमरे में घुसा शख्स, की गंदी हरकत
पीड़िता का कहना है कि उनके कमरे का एसी ठीक था। होटल कर्मचारी गलत मकसद से उनके कमरे में दाखिल हुआ था। विरोध करने पर उसने बदसलूकी की थी।
नई दिल्ली [जेएनएन]। यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड कर अमेरिकी महिला ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि उनके साथ पहाड़गंज के होटल के कर्मचारी ने कमरे में घुसकर यौन शोषण करने की कोशिश की। वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस बारे में पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
विरोध करने पर की बदसलूकी
वीडियो के जरिये महिला ने आरोप लगाया है कि करीब दो माह पहले वह दिल्ली घूमने आयी थीं। दिल्ली में वह पहाड़गंज के एक होटल में ठहरी थीं। होटल के कर्मचारी द्वारा कमरे का दरवाजा खटखटाने पर उन्होंने दरवाजा खोला तो उसने बताया कि एसी खराब हो गया है। पीड़िता का कहना है कि उनके कमरे का एसी ठीक था। होटल कर्मचारी गलत मकसद से उनके कमरे में दाखिल हुआ था। विरोध करने पर उसने बदसलूकी की थी।
फोन कर करता था गंदी बात
पीड़िता ने उस दौरान इस घटनाक्रम को मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया था। महिला का कहना है कि वह होटलकर्मी की हरकत से डर गईं ओर दो दिन तक बाहर नहीं निकलीं। उनका ब्वॉयफ्रेंड चार दिन पहले अमेरिका लौट गया था। ब्वॉयफ्रेंड के जाते ही कर्मचारियों का बर्ताव अचानक बदल गया था। वह उन्हें फोन करके गंदी बातें करता था।
वेबसाइट के माध्यम से कराई था बुकिंग
आखिरी दो दिन उनके लिए बेहद मुश्किल भरे थे। उनके कमरे का वाईफाई भी बंद कर दिया था। दो माह बाद 11 सितंबर को इस वीडियो को पोस्ट करने का पीड़िता ने कोई कारण नहीं बताया है। यह भी नहीं बताया कि उसने पुलिस से संपर्क किया है या नहीं। घटना के बाद वह अपने देश लौट गईं। महिला ने सस्ता व अच्छा होटल मुहैया कराने वाली वेबसाइट के माध्यम से उक्त होटल को चुना था।