Delhi Weather Update: 48 घंटे में दिल्ली पहुंचेगा मानसून, मौसम विभाग का पूर्वानुमान इस डेट में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग के विशेषज्ञ आरके जेनामणि ने कहा कि 30 जून व एक जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।
नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। राजधानी में मंगलवार को सुबह से ही उमस के कारण तेज गर्मी रही। दोपहर में मौसम ने करवट बदल और आकाश में बादल छाए गए। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। फिर भी उमस भरी गर्मी कम नहीं हुई। हल्की शुष्क गर्म हवा और उमस के कारण लोग पसीने में तरबतर रहे और बारिश होने की बाट देते देखते रहे। बुधवार को भी दिन में उमस भरी गर्मी रहेगी।
इस वजह से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है लेकिन शाम से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है और रात में कई इलाकों में वर्षा होगी। मौसम के अनुसार 30 जून को दिल्ली में मानसून पहुंचेगा। इस वजह से बृहस्पतिवार को मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। क्योंकि कई इलाकों में उस दिन तेज वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने दोपहर 2:27 बजे ट्वीट कर कहा कि 48 घंटे में मानसून दिल्ली पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के विशेषज्ञ आरके जेनामणि ने कहा कि 30 जून व एक जुलाई को अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।
न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पूसा, पीतमपुरा, जाफरपुर व मुंगेशपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
जून में अब तक 62 प्रतिशत कम बारिश
जून माह में इस बार अब तक 62 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सामान्य तौर जून में औसतन 64.1 मिलीमीटर बारिश होती है। वहीं इस बार अब तक 24.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 39.6 मिलीमीटर कम है।
जून में इस बार एक दिन भी नहीं चली लू
जून में इस बार एक दिन भी लू नहीं चली। पांच सालों में यह दूसरा मौका है जब जून में एक दिन भी लू नहीं चली है। पिछले साल जून में एक दिन लू चली थी। वर्ष 2020 में जून माह में एक दिन भी लू नहीं चली थी। जबकि वर्ष 2019 में जून में तीन दिन और वर्ष 2018 में दो दिन लू चली थी।
दिल्ली एनसीआर में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार
दिल्ली एनसीआर में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 137, फरीदाबाद का 153, गाजियाबाद का 140, ग्रेटर नोएडा 131, गुरुग्राम 148 व नोएडा का एयर इंडेक्स 140 दर्ज किया गया।