AAP नेता संजय सिंह के साथ आज बिहार रवाना होंगे 28 प्रवासी मजदूर, सांसद कोटे से मिला टिकट
संजय सिंह इन कामगारों को मुफ्त में उनके घर भेजने की बड़ी पहल की है। जिसका मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी स्वागत किया है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह बिहार के 33 कामगारों को मुफ्त में फ्लाइट से पटना भेजने का फैसला किया है। संजय सिंह सांसद कोर्ट के तहत मिलने वाले हवाई टिकटों की मदद से दिल्ली के प्रवासी 33 कामगारों को उनके घर भेजने की बड़ी पहल की है। 33 कामगारों में से 28 लोग बुधवार को फ्लाइट से रवाना होंगे बाकी शेष लोग गुरुवार को रवाना होंगे।
आप नेता संजय सिंह के नार्थ एवेन्यू स्थित घर पर बुधवार को 28 प्रवासी कामगार पहुंचे। इसके बाद सभी को बस में बैठाकर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ले जाया गया। इस दौरान संजय सिंह खुद मौके पर मौजूद रहे।
शाम 5 बजे की है फ्लाइट
दिल्ली एयरपोर्ट से बिहार की राजधानी पटना जाने के लिए शाम पांच बजे फ्लाइट है। इसी फ्लाइट से बिहार के रहने वाले 28 लोग जा रहे हैं। इन लोगों से फ्लाइट के टिकट का पैसा नहीं लिया जाएगा। 28 टिकटें सांसद के कोटे से हैं। पटना पहुंचने के बाद लोग अपने-अपने घर जा सकेंगे।
सीएम केजरीवाल ने की संजय सिंह की तारीफ
मिली जानकारी के अनुसार, संजय सिंह इन कामगारों को मुफ्त में उनके घर भेजने की बड़ी पहल की है। जिसका मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी स्वागत किया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि संजय सिंह की इस अनूठी पहल से सभी को प्रेरणा मिलेगी। जिन्हें भगवान ने जिंदगी में साधन दिए हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने साधन दूसरों की सेवा में लगायें। संजय सिंह बधाई के पात्र हैं।
एक सांसद 34 घरेलू उड़ानों में टिकट का हकदार
बता दें कि आप नेता संजय सिंह ने उन 34 हवाई टिकटों का उपयोग करने का फैसला किया है, जिनके वे सांसद के रूप में हकदार हैं। दरअसल, एक सांसद सालाना घरेलू उड़ानों में 34 बिजनेस क्लास टिकटों का हकदार है। इन 34 टिकटों में 33 टिकट कामगारों के कराए गए हैं जबकि एक टिकट संजय सिंह का खुद का है। संजय सिंह कामगारों के साथ पटना एयरपोर्ट तक जाएंगे। इसके बाद इन्हें छोड़कर वह फिर से दिल्ली वापस लौट आएंगे।