MCD चुनाव में मिली हार के बाद यूपी के निकाय चुनाव में दम दिखाएगी 'आप'
AAP की स्थानीय इकाई उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव की तैयारी कर रही है। जहां पार्टी की मजबूत स्थिति होगी पार्टी वहां पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भले दिल्ली में निगम चुनाव की हार के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में घमासान मचा हुआ है। लेकिन पार्टी हार को किनारे कर उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में जोर आजमाने जा रही है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश (यूपी) के निकाय चुनाव की तैयारी जोर शोर से शुरू कर दी है।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक पार्टी की स्थानीय इकाई उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव की तैयारी कर रही है। जहां-जहां पार्टी की मजबूत स्थिति होगी पार्टी वहां पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए उम्मीदवार चयन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
बता दें कि 'आप' बहुत समय से ही उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थी। लेकिन दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद निकाय चुनाव लड़ने पर कार्यकर्ता असमंजस की स्थिति में आ गए थे। अब पार्टी ने साफ कर दिया है कि पार्टी यूपी के निकाय चुनाव में पार्टी पूरे दम खम के साथ चुनाव लड़ेगी। जिसके लिए पार्टी ने वार्ड स्तर पर चुनाव के मुद्दों की लिस्ट भी तैयार कर ली है।
यह भी पढ़ें: कुमार के करीबी कपिल से उठ गया केजरीवाल का विश्वास, मंत्री पद से हुई छुट्टी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में जून और जुलाई में निकाय चुनाव होने हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में पार्टी ने यूपी की 77 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए थे, लेकिन उसे एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई थी। हालांकि केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव में ताल ठोंककर काफी सुर्खिंया बटोरी थीं।
वही, कुमार विश्वास ने अमेठी में राहुल गांधी के सामने चुनाव लड़ा था। पार्टी की केंद्रीय समिति में विश्वास उत्तर प्रदेश से आते हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में उनका दबदबा रहेगा। पार्टी के नेता संजय सिंह ने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में पार्टी के भाग लेने के संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के बारे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले सहमति दे दी थी।
यह भी पढ़ें: 18, 19 और 22 मई को तीनों नगर निगमों में होगा महापौर का चुनाव