यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कपिल ने बढ़ाई केजरीवाल की मुसीबत, 'आप' के 3 विधायकों के खिलाफ दर्ज कराई FIR
कपिल मिश्रा का कहना है कि उनका गला दबाकर मारने की कोशिश की गई। मिश्रा ने कहा कि मार्शलों ने उन्हें आम आदमी पार्टी के विधायकों के हमले से बचाया।

नई दिल्ली [जेएनएन]। 'आप' के बागी विधायक कपिल मिश्रा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बीच छिड़ी जंग में लगातार नए मोड़ सामने आ रहे हैं। केजरीवाल के खिलाफ कपिल का विरोध जारी है। अब कपिल मिश्रा ने 'आप' के उन विधायकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की है जिन्होंने उनके साथ विधानसभा के भीतर मारपीट की थी।
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और दिल्ली सरकार के बर्खास्त मंत्री कपिल मिश्रा ने सिविल लाइंस थाने में आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों अमानतुल्ला खान, मदन लाल और जरनैल सिंह के खिलाफ हत्या का प्रयास करने की शिकायत दर्ज कराई है।
कपिल मिश्रा के साथ दिल्ली विधानसभा के भीतर मारपीट की गई थी। मारपीट का वीडियो भी सामने आया था जिसमें आप विधायक कपिल को विधानसभा के अंदर धक्का देते हुए नजर आ रहे थे।
यह भी पढ़ें: 'विधानसभा में कपिल के साथ हाथापाई करने वाले AAP विधायक हों बर्खास्त'
कपिल मिश्रा का कहना है कि उनका गला दबाकर मारने की कोशिश की गई। मिश्रा ने कहा कि मार्शलों ने उन्हें आम आदमी पार्टी के विधायकों के हमले से बचाया। कपिल मिश्रा का आरोप है कि मनीष सिसोदिया के इशारे पर उनके साथ मारपीट की गई।
कपिल ने बताया कि कानून के जानकारों से राय लेने के बाद उन्होंने आप विधायकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। माना जा रहा है कि पुलिस इस मामले में जल्द कार्रवाई कर सकती है कार्यवाही। कपिल मिश्रा ने घटना का वीडियो फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।