थमता नहीं दिख रहा सिग्नेचर ब्रिज विवाद, पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक से मिले 'आप' नेता
सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में आप विधायक अमानतुल्ला खान ने दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर हमला करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के दौरान भाजपा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और 'आप' के ओखला से विधायक अमानतुल्ला खान व कार्यकर्ताओ के बीच हुआ विवाद शांत होता नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को 'आप' के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक से मुलाकात की और भाजपा सांसद व कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की।
क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच
'आप' के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सांसद व भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुख्यमंत्री व मंत्रियों के साथ मारपीट करने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं, सिग्नेचर ब्रिज विवाद प्रकरण में दर्ज किए गए तीन मुकदमों में क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार से जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक जल्द ही तीनों मुकदमों में शक के दायरे में आने वाले भाजपा व 'आप' नेताओं व कार्यकर्ताओं को पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा जाएगा।
तीन केस दर्ज किए गए
वजीराबाद में यमुना पर बने सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के मौके पर 4 नवंबर को भाजपा व 'आप' कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ था। पुलिस को दोनों तरफ से आठ शिकायतें मिली थीं, जिनमें से तीन केस दर्ज किए गए थे। छह नवंबर की देर शाम मनोज तिवारी की शिकायत पर 'आप' कार्यकर्ताओं के खिलाफ न्यू उस्मानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखर्जी नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता बीएन झा की शिकायत पर भी 'आप' कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। 'आप' कार्यकर्ता तौकीर की शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने मामले को क्राइम ब्रांच में भेज दिया।
कार्रवाई की मांग
डीसीपी डॉ. राम गोपाल नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को तीनों मुकदमों का अध्ययन किया। अभी किसी को भी एफआइआर की प्रति नहीं दी गई है। शुक्रवार दोपहर 'आप' के राज्यसभा सदस्य नारायण दास गुप्ता, राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा व विधायक संजीव झा ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें भाजपा सांसद मनोज तिवारी व कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल के मुताबिक 'आप' नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस आयुक्त ने बताया कि सिग्नेचर ब्रिज विवाद प्रकरण में दर्ज किए गए तीनों मामलों को क्राइम ब्रांच में विस्तृत जांच के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस करे निष्पक्ष कार्रवाई
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के खिलाफ 'आप' नेताओं द्वारा पुलिस आयुक्त से शिकायत का भाजपा ने विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में 'आप' विधायक अमानतुल्ला खान ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर हमला करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में 'आप' नेता पुलिस को गुमराह कर रहे हैं, इसलिए दिल्ली पुलिस को निष्पक्ष जांच करके आरोपी विधायक व अन्य नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
जमानत रद की जानी चाहिए
दिल्ली प्रदेश भाजपा के महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि 'आप' के बड़े नेताओं के इशारे पर मनोज तिवारी पर हमला हुआ था। इसको लेकर एफआइआर दर्ज कराई गई है। अमानतुल्ला सहित कई विधायक जमानत पर हैं, उनके रवैये को देखते हुए जमानत रद की जानी चाहिए।