आधी रात बिगड़ गई स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत, धरना स्थल से सीधे पहुंच गए अस्पताल
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पिछले सात दिनों से राजनिवास में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ अनशन पर थे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके कैबिनेट सहयोगियों का एलजी कार्यालय पर धरना सोमवार को 8वें दिन में प्रवेश कर गया है। इस बीच रविवार देर रात दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की अचानक तबीयत खराब होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पिछले सात दिनों से राजनिवास में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ अनशन पर थे। रविवार देर रात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर जानकारी दी- 'सत्येंद्र जैन का स्वास्थ्य खराब होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'
स्वास्थ्य मंत्री को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल तक ले जाया गया। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सत्येंद्र जैन को लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के डॉक्टर जेएस पासे के मुताबिक, सत्येंद्र जैन के कीटोन की रिपोर्ट देखने के बाद हमने उन्हें भर्ती करने का फैसला किया है। उनका ब्लड प्रेशर अब सामान्य है। उन्हें सांस लेने में थोड़ी दिक्कत हो रही थी, हालांकि, अब उनकी हालत स्थिर है।
वहीं, यह भी बताया जा रहा है कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का कीटोन लेवल भी ज्यादा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य ठीक है और वह भूख हड़ताल पर नहीं हैं।
यहां पर बता दें कि दो दिन पहले शुक्रवार को सत्येंद्र जैन के वजन बढ़ने की खबर आ रही थी, जिसके बाद मंत्री ने खुद अपनी जांच की रिपोर्ट शेयर की। इस दौरान सोशल मीडिया पर खूब मजाक भी उड़ा था।
16 जून मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, 12 जून को उनका वजन 82.7 किलोग्राम था, जो 13 जून को 700 ग्राम ज्यादा दिखाया था। लेकिन उसके बाद से हर रिपोर्ट में उनका वजन कम हो रहा है। 16 जून की सुबह 11 बजे की जांच रिपोर्ट में उनका वजन 79 किलोग्राम था।
सत्येंद्र जैन की जांच रिपोर्ट में शुगर लेवल भी कम हो गया। 12 जून को उनका शुगर लेवल 56एमजी था, जो 16 जून को 40 एमजी हो गया। इसी प्रकार उनका कीटोन लेवल भी कम हो रहा है।
जहां एक ओर धरना 8वें दिन में प्रवेश कर गया है वहीं सोमवार सुबह ट्वीट कर अरविंद केजरीवाल ने धरना जारी रहने के संकेत दिया है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया- गुड मॉर्निंग दिल्ली, रविवार रात सतेंद्र जैन का की टोन लेवल पढ़ गया था। कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो गई थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत ठीक है। मनीष सिसोदिया के अनिश्चितकालीन अनशन का छठा दिन है।'
इन दिनों दिल्ली में धरना बनाम धरना की जंग चल रही है। एक ओर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार के मुखिया अरविंद केजरीवाल अपने दो मंत्रियों (मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन) के साथ उपराज्यपाल निवास में अपनी तीन मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।
ये हैं तीन मांगें
पहली मांग के मुताबिक, दिल्ली सरकार में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की हड़ताल तुरंत खत्म कराई जाए, दूसरी मांग काम रोकने वाले आईएएस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कारवाई की जाए और तीसरी मांग है कि राशन की दरवाजे पर आपूर्ति की योजना को मंजूरी दी जाए।