Move to Jagran APP

दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने को आप फिर करेगी आंदोलन

गोपाल राय ने कहा कि पिछले चार साल से केंद्र सरकार दिल्ली की जनता के साथ अन्याय कर रही है। दिल्ली सरकार के सभी कार्यो अड़चनें डाली जा रही हैं।

By Edited By: Published: Mon, 18 Feb 2019 07:50 PM (IST)Updated: Mon, 18 Feb 2019 09:07 PM (IST)
दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने को आप फिर करेगी आंदोलन
दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने को आप फिर करेगी आंदोलन

नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का मुद्दा फिर छेड़ दिया है। दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पिछले चार साल से केंद्र सरकार दिल्ली की जनता के साथ अन्याय कर रही है। दिल्ली सरकार के सभी कार्यो अड़चनें डाली जा रही हैं।

loksabha election banner

समाधान के लिए हमने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया। अब दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना ही एकमात्र रास्ता है। इसके बाद केंद्र सरकार दिल्ली की जनता के कार्यो में अड़ंगा नहीं लगा सकेगी।

राय ने कहा कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर आप के प्रत्याशियों को जिताने के लिए व देश में गठबंधन की सरकार बनाने के लिए पार्टी दिल्ली की जनता के बीच जाएगी। आप के सभी विधायकों के साथ 23 फरवरी को आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई जाएगी और 24 फरवरी को दिल्ली के एक हजार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इसके क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद मई 2015 में गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी करके दिल्ली सरकार की शक्तियों को छीनने का प्रयास किया। हमने केंद्र और उपराज्यपाल के समक्ष अपना पक्ष रखा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। विवश होकर हमें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

उम्मीद थी कि शायद अदालत से जनता को कुछ राहत मिलेगी, लेकिन वहां से भी कोई समाधान नहीं मिला। आखिरकार पार्टी ने तय किया है कि दिल्ली में एक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने केंद्र से कुछ सवाल भी पूछे हैं।

आम आदमी पार्टी के सवाल

दिल्लीवासियों के वोट की कीमत देश के अन्य भागों से आधी क्यों? -दिल्ली की मेहनती जनता सवा लाख करोड़ का टैक्स केंद्र को देती है, दिल्ली को वापस क्यों मिलता है केवल 325 करोड़? -दिल्ली के कॉलेजों में क्यों नहीं होता दिल्ली से 12वीं पास करने वाले छात्रों का दाखिला? कहां जाएं दिल्ली के छात्र? -दिल्ली में नौजवान नौकरियों के लिए क्यों भटक रहे हैं ? कौन देगा जवाब लाखों रिक्त पड़े पदों का? - दिल्ली वालों की सुरक्षा है किसके जिम्मे? दिल्ली पुलिस है किसके प्रति जवाबदेह? -दिल्ली की चुनी हुई सरकार क्यों नहीं ले सकती जनता के हितों में फैसले? एलजी साहब कैसे करते हैं अफसरों-कर्मचारियों की ट्रांसफर व पोस्टिंग? -दिल्ली के लोगों की जमीन पर दिल्ली के लोगों के लिए स्कूल अस्पताल बनाने के लिए केंद्र सरकार से क्यों गिड़गिड़ाना पड़ता है? -दिल्ली में भ्रष्टाचार रोकने वाली एसीबी को केंद्र सरकार ने क्यों छीना? -साढ़े तीन साल बाद भी जन लोकपाल विधेयक क्यों पास नहीं हुआ? -दिल्ली वालों के काम करने के लिए मुख्यमंत्री को अपनी कैबिनेट के साथ नौ दिन तक राजनिवास में धरना क्यों देना पड़ा?


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.