केजरीवाल का भाजपा पर तंज, कहा- आयोग ने ही हमें काटे गए 24 लाख लोगों की सूची दी है
आप ने मतदाता सूची में नामक काटे जाने के मुद्दे को लेकर फिर से भाजपा पर हमला बोला है। गुप्ता पर पलटवार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आयोग ने ही हमें काटे गए 24 लाख लोगों की सूची दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा नेता व दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता के ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर हमला बोला है। गुप्ता पर पलटवार करते हुए कहा कि आपके चुनाव आयोग ने ही हमें चार साल में काटे गए 24 लाख लोगों के नाम की सूची दी है। इस बार भाजपा का गंदा खेल पहले ही खुल गया है, इसलिए आप इतना नाराज हैं। अभी अगर मैं ऐसे कई लोगों की सूची दे दूं, जिनके नाम गलत तरीके से काटे गए हैं, तो क्या आपका चुनाव आयोग इस्तीफा दे देगा?
इससे पहले विजेंद्र गुप्ता ने ट्वीट कर कहा था कि चार साल में कुल 30 लाख नए वोटर बनाए गए हैं, जिसे केजरीवाल तोड़मरोड़कर पेश कर अपनी नाकामी और झूठ छिपाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। इधर शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आम आदमी पार्टी (आप) के दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि चुनाव आयोग ने तेलंगाना में भाजपा को लोकतंत्र की हत्या करने दी, लेकिन दिल्ली में आप की सरकार है।
यहां लोकतंत्र की हत्या नहीं होने दी जाएगी। कहा कि चुनाव आयोग की सहायता से भाजपा दिल्ली के लोगों से मतदान का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जो प्रयास शुरू किया है। इसे कोई भी नहीं रोक सकता। करीब छह माह पहले मुख्यमंत्री केजरीवाल के पास 30 लाख लोगों के मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायत आई तो उन्होंने एक कमेटी का गठन करके इसकी जांच करवाई।
इसमें पता चला कि यह नाम गलत तरीके से काटे गए हैं। मुख्यमंत्री ने जब इस संबंध में गहराई से जांच करनी चाही तो चुनाव आयोग ने तानाशाह की तरह दिल्ली सरकार के सारे अधिकारियों को आदेश दिया कि आप केजरीवाल की मतदाता सूची जांच समिति का हिस्सा नहीं बनेंगे। राघव चड्ढा ने कहा कि जिन तीस लाख लोगों के वोट भाजपा ने कटवाए हैं, हम उन्हें जुड़वाने के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को फोन, ईमेल, एसएमएस कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता ऐसे लोगों के घर-घर जा रहे हैं। हमारे इस काम से भाजपा बेचैन है।