लोकसभा चुनाव में गठबंधन पर आप ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- नहीं करेंगे गठबंधन
लोकसभा चुनाव को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि आप भी महागठबंधन में शामिल हो सकती है। गठबंधन को लेकर स्थिति तब बिगड़ी जब आप मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की।
नई दिल्ली, जेएनएन। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सभी संभावनाएं खत्म हो गई हैं। आप ने साफ कर दिया है कि वह किसी से गठबंधन नहीं करेगी। आप जल्द ही दिल्ली और पंजाब में सभी प्रत्याशियों की घोषणा करने जा रही है। गठबंधन न होने के लिए आप ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और दिल्ली की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित को जिम्मेदार माना है।
कांग्रेस का बयान गैर जरूरी
आप के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह व शीला दीक्षित ने गैर जरूरी बयान देकर हमारी राह आसान कर दी है। पार्टी की दिल्ली और पंजाब इकाई के मना करने के बाद भी हमारे ऊपर गठबंधन के लिए मित्र दलों का दबाव था। उनका तर्क था कि सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें एक साथ मिलकर चुनाव लड़ें।
लोकसभा में मचेगा घमासान
लोकसभा चुनाव को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि आप भी महागठबंधन में शामिल हो सकती है। दिल्ली में लोकसभा प्रभारी बनाए जाने के कई माह बाद भी प्रत्याशियों की घोषणा न किए जाने को भी इससे जोड़ कर देखा जा रहा था। हालांकि गठबंधन को लेकर स्थिति उस समय बिगड़ गई जब आप मुख्यालय पर कुछ दिन पहले युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन और तोड़फोड़ की।
कार्यालय में तोड़फोड़
इस पर आप ने अजय माकन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी। कांग्रेस का आरोप था कि उसने इसलिए प्रदर्शन किया क्योंकि दिल्ली विधानसभा मे राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेने का प्रस्ताव पास किया गया। जबकि अगले ही दिन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेसवार्ता कर साफ किया था कि इस तरह का कोई प्रस्ताव पास नहीं हुआ है।