अवैध झुग्गी की शिकायत करने वाले के पते पर लोगों ने बनवा लिया आधार कार्ड
गाजियाबाद में एक शख्स ने अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत की तो लोगों ने शिकायतकर्ता के ही घर के पते पर बनवा लिए आधार कार्ड।
गाजियाबाद, जेएनएन। नेहरू नगर में रहने वाले किशन लाल सरकारी तंत्र की लापरवाही का शिकार हो गए हैं। इन्होंने नगर निगम और जीडीए से घर के पीछे सीवर लाइन पर बसी झुग्गी हटाने के लिए गुहार लगाई थी। दोनों ही महकमे अपनी जिम्मेदारियों से बचते रहे। शिकायत को फुटबॉल बनाकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालते रहे। सुनवाई नहीं हुई तो झुग्गी में रह रहे लोगों के हौसले बुलंद हो गए। उन्होंने किशन लाल के घर के पते पर ही आधार कार्ड बनवा लिए।
बिना साक्ष्य के आधार कार्ड बनने पर सरकारी तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। किशन लाल नेहरू नगर सेकेंड ए-270 में रहते हैं। दिल्ली राज्य बिजली बोर्ड से सेवानिवृत हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा है। बेटी विदेशी कंपनी में नौकरी करती है। मकान के पीछे सीवर लाइन के ऊपर कुछ लोगों ने झुग्गी बना ली। ये लोग शोर मचाते हैं। इससे बेटे को पढ़ाई में दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने इस बारे में जीडीए से शिकायत की थी। कोई सुनवाई नहीं हुई तो जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की। उसके जवाब में बता दिया गया कि यह क्षेत्र नगर निगम के अधीन है। वही समस्या का निस्तारण करेंगे।
नगर निगम से शिकायत की तो उन्होंने उस पर संज्ञान नहीं लिया। कुछ दिन पहले ही किशन लाल के पते पर एक आधार कार्ड पहुंचा, जोकि झुग्गी में रहने वाली युवती का था। उन्होंने बताया कि उस युवती के पूरे परिवार के आधार कार्ड उनके पते पर बने हुए हैं। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि बिना रिहायशी प्रमाण पत्र के उनके पते पर आधार कार्ड कैसे बना दिए गए? इस बारे में उन्होंने यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया से शिकायत की है।
इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए नगर आयुक्त सीपी सिंह ने कहा कि समस्या का निदान किया जाएगा। अगर निगम की जमीन पर झुग्गी बसी है तो उसे हटवाया जाएगा।