भारतीय सेना मुख्यालय में कोरोना का पॉजिटिव केस मिला, सेना भवन का एक हिस्सा बंद
भारतीय सेना मुख्यालय में एक शख्स कोरोना का संदिग्ध भी मिला है अब उसका टेस्ट करवाया जाएगा।
नई दिल्ली, एनएनआइ। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बीच दिल्ली स्थित सेना भवन में एक संदिग्ध मामले के साथ एक शख्स के कोरोना वायरस संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर सेना भवन की इमारत के एक हिस्से को सील कर दिया गया है। इसी के साथ वहां पर सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना मुख्यालय यानी सेना भवन में एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है, जबकि एक अन्य मामला संदिग्ध है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, एहतियात के तौर पर इमारत के एक हिस्से को बंद कर दिया गया है।
रसोइया पॉजिटिव निकला, सुप्रीम कोर्ट के जज और उनका परिवार क्वारंटाइन में
सुप्रीम कोर्ट के एक जज का रसोइया कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद जज और उनका परिवार क्वारंटाइन में चला गया है। इस महीने की शुरुआत में रसोइया छुट्टी पर चला गया था। उच्चतम न्यायालय के सूत्रों ने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारियों को संदेह है कि रसोइया छुट्टी के दौरान संक्रमित हो गया। सूत्रों से पता चला है कि जज और परिवार के सदस्य एहतियातन क्वारंटाइन में चले गए हैं।
पिछले महीने शीर्ष अदालत के एक कर्मचारी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद अदालत की सुरक्षा में तैनात दिल्ली पुलिस के 36 कर्मियों को क्वारंटाइन कर दिया गया था। संक्रमित कर्मचारी रजिस्ट्री के चतुर्थ खंड में था और उसका अंतिम कार्य दिवस 16 अप्रैल को था। कर्मचारी ने सड़क के पार सुप्रीम कोर्ट की अतिरिक्त इमारत का दौरा किया था और उसने मुख्य परिसर में भी काम किया था।