MCD चुनाव: सराय पीपलथला वार्ड में 46.37 फीसद मतदान, परिणाम कल
इस वार्ड में चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों सहित कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत अब इवीएम में बंद हो चुकी है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-16 सराय पीपलथला वार्ड में रविवार को नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां कुल 46.37 फीसद मतदाताओं ने मतदान दिया। इस वार्ड में कुल 53500 मतदाता हैं। मतदाताओं के उत्साह को देखते हुए निर्धारित समय साढ़े पांच बजे के बाद भी आधे घंटे अधिक समय तक मतदान हुआ।
चुनाव से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि यदि शाम को आंधी और बारिश नहीं आई होती तो मतदान का फीसद और बढ़ सकता था। वार्ड के रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) देशराज सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे तक कुल 8.59 फीसद लोगों ने मतदान किया था।
दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा 20.22 फीसद तक पहुंच गया और दो बजते-बजते 30.24 फीसद लोग मतदान कर चुके थे। शाम चार बजे यह आंकड़ा 39.34 फीसद तक पहुंच गया था।
उन्होंने बताया कि जहांगीरपुरी एच ब्लॉक स्थित नगर निगम प्राथमिक विद्यालय में बने पोलिंग बूथ नंबर-28 पर शाम के छह बजे तक मतदान हुआ। इस मतदान केंद्र पर लोगों की लंबी लाइन लगी थी।
इस वार्ड में चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों सहित कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत अब इवीएम में बंद हो चुकी है। 23 मई को धीरपुर स्थित सीवी रमन आइटीआइ में बनाए गए मतगणना केंद्र में मतों की गिनती होगी।