दिल्ली में मनमानी कीमत पर बेच रहा था ऑक्सीजन सिलेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर थाना पुलिस ने एक मकान पर छापा मार कर अवैध रूप से ऑक्सीजन गैस बेचने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि उसके पास सिलेंडर बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में इजाफा होने के बीच इलाज में इस्तेमाल होने वाले सामानों की कालाबाजारी भी तेज हो गई है। पश्चिमी दिल्ली के सागरपुर थाना पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर अवैध रूप से ऑक्सीजन गैस बेचने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास सिलेंडर बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बड़े आकार वाले सिलेंडर और 16 छोटे आकार के सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर छानबीन में जुटी है।
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि इलाके में गश्त के दौरान सूत्रों से पुलिसकर्मी को पता चला कि दशरथपुरी के एक मकान में अवैध रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर रखे जाते हैं। पुलिसकर्मी ने इस बात की जानकारी सागरपुर थाना प्रभारी को दी। पुलिस ने तुरंत एक टीम गठित कर मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान यहां से पुलिस ने सिलेंडर बरामद कर लिए।
छानबीन में पता चला कि जिस शख्स का यह मकान है उसका औद्योगिक प्रतिष्ठानों में गैस आपूर्ति करने का कारोबार है। वह बड़े सिलेंडरों से गैस को छोटे सिलेंडरों में डालने के बाद उसे जरूरतमंदो को 12.5 हजार रुपये में बेचता था। उसका गोदाम मायापुरी में है। पुलिस ने कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।