विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशिया की बड़ी मंडी और सब-सिटी का दर्जा, पर खेल के मैदान में पिछड़ा नरेला; DDA से परिसर पूरा करने की मांग

Published: Tue, 10 Nov 2026 01:23 PM (IST)

उत्तरी बाहरी दिल्ली के नरेला स्थित डीडीए खेल परिसर कई वर्षों से अधूरा है, जिससे खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

नरेला में वर्षों से अधूरा पड़ा DDA खेल परिसर। जागरण

नरेला में वर्षों से अधूरा पड़ा DDA खेल परिसर। जागरण

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। उत्तरी बाहरी दिल्ली के नरेला स्थित दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) का खेल परिसर पिछले कई वर्षों से अधूरा है। यहां खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण की उचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो पाई हैं।

इसके चलते क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह हाल तब है जब नरेला ग्रामीण क्षेत्र ने देश को अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सुरक्षित और व्यवस्थित खेल केंद्र उपलब्ध नहीं

नरेला में खिलाड़ियों के लिए ऐसा कोई सुरक्षित और व्यवस्थित खेल केंद्र उपलब्ध नहीं है, जहां वे आधुनिक सुविधाओं के साथ नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। फेडरेशन ऑफ नरेला सब सिटी के अध्यक्ष जोगिंदर दहिया ने कहा कि नरेला की धरती हमेशा से खेल प्रतिभाओं की जन्मभूमि रही है।

यहां के युवाओं में खेलों के प्रति अपार उत्साह और प्रतिभा है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि इतनी प्रतिभाएं होने के बावजूद खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं है।

जोगेंद्र दहिया ने बताया कि नरेला से कबड्डी के पूर्व राष्ट्रीय कप्तान एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित दिनेश भारद्वाज जैसे खिलाड़ी निकले हैं। आज भी नरेला क्षेत्र के युवा कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

नरेला क्षेत्र के खिलाड़ी निभा रहे हैं भागीदारी

राष्ट्रीय कबड्डी टीम तथा जयपुर पिंक पैंथर्स जैसी टीमों में भी नरेला क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। जब नरेला के ग्रामीण परिवेश से निकलकर खिलाड़ी अपर्याप्त सुविधाओं के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, तो सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, खेल मैदान, जिम, कोचिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आज नरेला की आबादी तेजी से बढ़ रही है और इसे सब-सिटी का दर्जा भी प्राप्त है। यहां एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी, औद्योगिक क्षेत्र और अनेक बड़ी आवासीय कालोनियां हैं, लेकिन खेल सुविधाओं के मामले में क्षेत्र आज भी काफी पिछड़ा हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।