नरेला के दाल गोदाम में लगी भीषण आग, दो घंटे में 10 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
नरेला के भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में एक दाल स्टोरेज गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसकी सूचना सुबह 11:10 बजे दमकल विभाग को मिली।
HighLights
नरेला के दाल गोदाम में लगी भीषण आग।
दमकल की 10 गाड़ियों ने दो घंटे में बुझाई।
कोई हताहत नहीं, नुकसान का आकलन जारी।
राजीव रंजन, बाहरी दिल्ली। नरेला के भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जे ब्लॉक में रविवार को दाल स्टोरेज गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना सुबह 11:10 बजे दमकल विभाग को मिली।
इसके बाद दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, आग गोदाम की ग्राउंड फ्लोर के अलावा पहली और दूसरी मंजिल तक फैल गई थी। गोदाम में दाल और अन्य सामान रखा हुआ था।
आग के कारण इनमें काफी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गईं।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए प्रयास किए। करीब दो घंटे तक चले अग्निशमन अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संबंधित एजेंसियां भी घटना के कारणों का पता लगाने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
